अंबानी के दरबार में अमेरिकी विदेश मंत्री : दिल्ली धुंध में और जगमगाता जामनगर

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत आये और चले गये। यूँ कहना चाहिए कि अमेरिकी विदेश मंत्री जामनगर आये और चले गये ! क्या वे गुजराती ढोकला खाने आये थे या कढ़ी-फाफड़ा टेस्ट करने? इसलिए तो नहीं ही आये होंगे क्यों कि अमेरिका में लाखों गुजराती फैमिलीज़ रहती हैं। उनका विमान जब मुंबई में उतरा और फिर जामनगर की ओर मुड़ गया, तो दिल्ली की कूटनीतिक मशीनरी एक अजीब सी चुप्पी में डूबी रही। न कोई बड़े स्वागत का शोर, न प्रधानमंत्री से मुलाकात, न रायसीना हिल पर औपचारिक बैठक।विदेश मंत्री जयशंकर ने उन्हें दिल्ली में अपने दफ्तर कर्तव्य भवन में नहीं बुलाया , खुद ही मुंबई चले गए। रुबियो की उनसे बातचीत हुई, टाटा और अदाणी से मुलाकातें हुईं, और फिर दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी के मालिक मुकेश अंबानी के जामनगर परिसर में चर्चाओं का दौर चला।

मुलाकत हुई, क्या बात हुई ? कोई सामान्य शिष्टाचार नहीं था। यह उस नई व्यवस्था का संकेत था, जिसमें कूटनीति अब पहले कॉर्पोरेट दरवाजे पर दस्तक देती है और बाद में, अगर जरूरत पड़े, तो सरकार के द्वार पर। सवाल लाजिमी है कि क्या अंबानी इतने शक्तिशाली हो चुके हैं कि अमेरिका का विदेश मंत्री सीधे उनके रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स और जियो कन्वेंशन सेंटर की छाया में बात पूरी कर ले, या फिर यह नई ‘व्यावसायिक कूटनीति’ है जिसमें राष्ट्र-राज्य धीरे-धीरे कंपनी-राज्य के पीछे खिसक रहा है?

रुबियो 20 से 22 अक्टूबर 2026 तक भारत में रहे। उन्होंने दिल्ली का रुख नहीं किया। मुंबई में उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की, 26/11 स्मारक पर श्रद्धांजलि दी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से मिले और बड़े उद्योगपतियों से बातचीत की। जामनगर में अंबानी परिवार ने उनका स्वागत किया। दुनिया की सबसे बड़ी सिंगल-साइट रिफाइनरी (एक करोड़ 40 लाख बैरल या करीब 223 करोड़ लीटर रोजाना की क्षमता ) का दौरा, न्यू एनर्जी गीगा-फैक्ट्रियों का ब्रीफिंग, निर्माणाधीन डेटा सेंटर्स और छोटे अम्बानी का वनतारा उनकी यात्रा का हिस्सा बने।

अमेरिकी पक्ष का आधिकारिक बयान साफ था : रणनीतिक साझेदारी, वाणिज्यिक निवेश और ऊर्जा सुरक्षा को आगे बढ़ाना। लेकिन प्रतीकवाद इससे कहीं भारी था। जब कोई विदेश मंत्री प्रधानमंत्री से मिलने की बजाय किसी निजी कंपनी के परिसर में रात बिताता है और परिवार के साथ फोटो खिंचवाता है, तो संदेश साफ हो जाता है आज प्राथमिकता रणनीतिक संवाद से ज्यादा व्यावसायिक लीवरेज है।

जयशंकर से मुलाकात हुई, व्यापार सौदे पर ‘बहुत करीब’ होने की बात कही गई और केवल कुछ मुद्दे बाकी बताए गए। ट्रंप प्रशासन ने रूसी तेल से जुड़े कुछ टैरिफ में छूट भी दी थी। फिर भी राजधानी छोड़कर सीधे कॉर्पोरेट परिसर जाने का संदेश नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

अंबानी शक्तिशाली हैं, इसमें कोई संदेह नहीं। रिलायंस भारत की सबसे बड़ी निजी कंपनी है। जामनगर रिफाइनरी वैश्विक तेल बाजार का एक महत्वपूर्ण नोड बन चुकी है। अमेरिका वेनेजुएला के भारी क्रूड को प्रोसेस करने के लिए भारत की रिफाइनिंग क्षमता का इस्तेमाल करना चाहता है। रुबियो ने खुद भारत को ‘रिफाइनिंग सुपरपावर’ कहा और रिलायंस से अधिक वेनेजुएलाई तेल संसाधित करने की बात की। जब अमेरिकी ईंधन कीमतें मिडटर्म चुनावों से पहले दबाव में हों, तो जामनगर का महत्व आपोआप ही बढ़ जाता है।

पॉवर अलग होता है और कूटनीतिक प्रोटोकॉल अलग । विदेश मंत्री का किसी कंपनी प्रमुख के परिसर में जाना और प्रधानमंत्री से न मिलना असामान्य है। इसे अंबानी डिप्लोमैसी कहना अतिशयोक्ति होगी, लेकिन इसको अंबानी-केंद्रित आर्थिक कूटनीति कहना तथ्यों के करीब है। राज्य ने जयशंकर के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन केन्द्र बिन्दु कॉर्पोरेट ही रहा।

क्या इससे भारतीय डिप्लोमैसी ध्वस्त हो गई? नहीं। लेकिन उसका स्वरूप जरूर बदल गया है। पुरानी शैली में ‘नेशन फर्स्ट’ वाला प्रोटोकॉल अब ‘बिजनेस फर्स्ट’ में तब्दील हो रहा है। यह न पूरी तरह गलत है, न पूरी तरह सही। गलत इसलिए कि लोकतांत्रिक जवाबदेही की धार कमजोर पड़ती है। सही इसलिए कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में कंपनियां वास्तविक खिलाड़ी बन चुकी हैं।

सार्वजनिक रूप से कोई बड़ा सौदा नहीं हुआ। चर्चाएं हुईं पारंपरिक और नई ऊर्जा में साझेदारी, उन्नत विनिर्माण, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर, आपूर्ति श्रृंखलाएं और वेनेजुएलाई क्रूड का प्रसंस्करण। रिलायंस के अमेरिका में नई रिफाइनरी में निवेश की संभावना का जिक्र भी आया। अमेरिकी एलपीजी का भारत को निर्यात बढ़ा है। व्यापार सौदे पर प्रगति की बात कही गई, लेकिन हस्ताक्षर नहीं हुआ। कोई संयुक्त विज्ञप्ति नहीं आई, कोई ठोस संख्या नहीं घोषित हुई। क्या अमेरिका का विदेश मंत्री इतना फुरसतिया है कि वनतारा घूमने जामनगर पहुँच जाये?

अंदाजा ही है कि दोनों पक्ष ऊर्जा सुरक्षा और व्यापार विस्तार पर एक-दूसरे के लिए उपयोगी हैं, और रिलायंस उस उपयोगिता का सबसे बड़ा निजी वाहक है। यह ‘सॉफ्ट पावर’ का दौर था, जिसमें यात्रा खुद संदेश थी।

इससे भारत को क्या मिला, अंबानी को कितना? भारत को संभावित फायदे हैं। यदि वेनेजुएलाई तेल का प्रसंस्करण बढ़ता है, तो भारत की रिफाइनिंग क्षमता का वैश्विक उपयोग होगा, निर्यात बढ़ सकता है और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हो सकती है। व्यापार सौदे के करीब आने से टैरिफ अनिश्चितता कम हो सकती है। अमेरिकी तकनीक और निवेश का द्वार खुलना भी संभव है। लेकिन ये अभी संभावनाएं हैं, प्राप्ति या उपलब्धि नहीं।

पर इससे अंबानी और रिलायंस को तुरंत और ठोस लाभ मिला। दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में से एक के विदेश मंत्री का व्यक्तिगत दौरा, उनकी रिफाइनरी और हरित ऊर्जा परियोजनाओं को अंतरराष्ट्रीय मान्यता, और भविष्य के सौदों के लिए दरवाजा खुलना। जब अमेरिकी विदेश मंत्री आपके परिसर में आता है और आपके परिवार के साथ खड़ा होता है, तो बाजार, बैंक और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के बीच आपकी विश्वसनीयता स्वतः बढ़ जाती है। यह ‘ब्रांड अंबानी’ के लिए अमूल्य विज्ञापन था।

यहां सवाल यह है कि जब राष्ट्रीय हित की बात होती है, तो क्या निजी कंपनी का हित और राष्ट्रीय हित एक हो जाते हैं? जामनगर भारत का है, लेकिन उसका मालिक निजी है। अमेरिकी तेल की जरूरत और भारतीय रिफाइनिंग क्षमता का मेल दोनों के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन निर्णय लेने की मेज पर सरकार का वजन कितना बचा है, यह इस यात्रा ने रेखांकित कर दिया।

यह यात्रा उस मोड़ की याद दिलाती है, जहां कूटनीति अब केवल दूतावासों और प्रधानमंत्री कार्यालय तक सीमित नहीं रही। वह बोर्डरूम और रिफाइनरी तक पहुंच गई है। जब राज्य की टेबल खाली पड़ी रहे और कॉर्पोरेट की टेबल पर विदेश मंत्री बैठें, तो ? शक्ति का यह संतुलन किस ओर झुक रहा है?
जब विदेश मंत्री की गाड़ी दिल्ली के बजाय जामनगर की रिफाइनरी की तरफ मुड़ जाये , तो समझ लो कि कूटनीति अब पासपोर्ट से नहीं, बैलेंस शीट पढ़ रही है। राष्ट्र की कुर्सी खाली हो और कॉर्पोरेट का सोफा भर जाए, तो शक्ति का नया पता लिख लिया गया समझ लो ।

भारत की डिप्लोमैसी ध्वस्त नहीं हुई, लेकिन उसका स्वरूप बदल गया है। ऊर्जा और व्यापार के नाम पर जो बातचीत हुई, वह भविष्य के सौदों की नींव हो सकती है। लेकिन नींव पर किसका घर बनेगा?राष्ट्र का या कंपनी का? यह बात आने वाले वर्षों में तय हो जायेगी कि शक्ति कहां निवास करती है – राष्ट्र के प्रतीक में या पूंजी के परिसर में।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now