नई दिल्ली। दिल्ली में दिलजीत(Diljit) दोसांझ के सभी फैंस के लिए बुरी खबर है, पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 30 अक्टूबर को शहर में होने वाले कॉन्सर्ट की अनुमति देने से इनकार कर दिया। लोगों ने इस शो के लिए टिकटें बुक कर लीं थी। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा संबंधी अनुमति नहीं मिलने के बाद शो कैंसिल कर दिया गया है।
बुकमाईशो को लिखे एक पत्र में, पुलिस उपायुक्त के कार्यालय ने कहा, “नेहरू स्टेडियम में ‘दिलजीत दोसांझ के ऑरा इंडिया टूर दिल्ली’ के आयोजन के लिए आपके अनुरोध की हमारे कार्यालय द्वारा समीक्षा की गई है। सुरक्षा संबंधी विशिष्ट खतरों, मौजूदा त्योहारी सीजन के कारण सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियों और कानून-व्यवस्था से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण चिंताओं को देखते हुए आपके इस अनुरोध को स्वीकार नहीं किया जा सकता है।”
दिलजीत दोसांझ अपना ‘ऑरा वर्ल्ड टूर’ भारत ला रहे हैं। इस टूर के तहत, पंजाबी गायक ने भारत में सात शो करने की घोषणा की है। दो हफ्ते पहले की गई अपनी पहली पोस्ट में, उन्होंने बताया था कि भारत में इस टूर की शुरुआत 1 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर से होगी। इसके बाद यह टूर इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ जाएगा। इस टूर में चंडीगढ़ को भी शामिल किया गया है, हालांकि शो की तारीख और जगह (वेन्यू) की जानकारी अभी प्रमोटर की ओर से नहीं दी गई है।
पंजाबी सिंगर और एक्टर ने अपने इंटरनेशनल टूर के तहत नॉर्थ अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में परफॉर्म किया है। दिलजीत दोसांझ की परफॉर्मेंस में न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन और लंदन के वेम्बली स्टेडियम जैसी बड़ी जगहें शामिल हैं। भारत में होने वाले कॉन्सर्ट में दोसांझ अपने कई पॉपुलर ट्रैक पेश करेंगे। इनमें ‘GOAT’, ‘इक कुड़ी’, ‘ललकारा’, ‘लवर’, ‘5 तारा’, ‘केस’ और ‘वाटर’ शामिल हैं।








