रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस (Bus) से सफर करने वाले यात्रियों को अब ज्यादा किराया देना होगा। राज्य सरकार ने बस किराए में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी कर दी है। साधारण बसों का किराया 1.25 रुपये से बढ़ाकर 1.75 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। यानी प्रति किलोमीटर 50 पैसे या करीब 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। बस संचालक लंबे समय से डीजल और संचालन लागत बढ़ने का हवाला देकर किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे।

साधारण से लेकर एसी बसों तक नई दरें
नई दरों के मुताबिक, साधारण बसों में शुरुआती पांच किलोमीटर का किराया 10 रुपये और डीलक्स बसों में 12 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके बाद साधारण बसों के लिए 1.75 रुपये और डीलक्स बसों के लिए 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर की दर लागू होगी। डीलक्स एसी स्लीपर और सेमी-स्लीपर बसों का किराया 3.20 रुपये, जबकि वोल्वो और सुपर लग्जरी एसी बसों का किराया 3.30 रुपये प्रति किलोमीटर होगा। रात में चलने वाली साधारण बसों पर 10 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगेगा।

इन रूटों पर बढ़ा यात्रियों का खर्च
बेमेतरा से रायपुर का किराया करीब 70 रुपये से बढ़कर 125 रुपये और दुर्ग का किराया 80 रुपये से बढ़कर 120 से 125 रुपये हो गया है। वहीं, बेमेतरा से कवर्धा के लिए अब करीब 80 से 85 रुपये और भाटापारा के लिए 80 रुपये देने होंगे। बढ़े किराए का असर खासकर रोजाना नौकरी, पढ़ाई और कारोबार के लिए बसों से आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

इन यात्रियों को मिलती रहेगी छूट
नई अधिसूचना में नेत्रहीन, गंभीर रूप से निशक्तजन, 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और एचआईवी पीड़ितों सहित पात्र श्रेणियों के लिए किराए में छूट जारी रखी गई है। बस संचालकों को नई किराया सूची वाहनों में चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं। बेमेतरा के जिला परिवहन अधिकारी किशन लाल माहौर ने नई दरें लागू होने की पुष्टि की है।











