रायपुर। राजधानी रायपुर (Raipur) के टिकरापारा थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान आकांक्षा सेन के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ नगर स्थित सरस्वती शिक्षा मंदिर में पढ़ती थी। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में शिक्षकों की डांट-फटकार और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने यह कदम उठाया। हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने प्रताड़ना के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्कूल से लौटने के बाद गुमसुम थी छात्रा
परिजनों के मुताबिक, सोमवार को स्कूल में किसी बात को लेकर शिक्षकों ने आकांक्षा को डांटा था। घर लौटने के बाद वह डरी हुई और गुमसुम थी। परिवार का आरोप है कि स्कूल में उसके साथ हुए व्यवहार से वह मानसिक तनाव में थी। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षकों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
क्लास टीचर से हुई थी बहस, स्कूल ने दी सफाई
मामले में सरस्वती शिक्षा मंदिर की प्रधानपाठक इंद्राणी दुबे ने बताया कि सोमवार को कक्षा में आकांक्षा और उसकी क्लास टीचर के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। शिक्षक की शिकायत पर छात्रा और कुछ अन्य बच्चियों को कार्यालय बुलाया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद आकांक्षा के माता-पिता को स्कूल बुलाकर घटना की जानकारी दी गई। प्रधानपाठक ने छात्रा को प्रताड़ित किए जाने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि स्कूल ने केवल परिजनों को पूरे मामले से अवगत कराया था।
परिवार पूजा पंडाल गया था, घर लौटने पर मिली बेटी की मौत की खबर
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:45 बजे परिवार के सदस्य घर के पास स्थित दुर्गा पूजा पंडाल गए हुए थे। इसी दौरान घर में अकेली आकांक्षा ने फांसी लगा ली। परिजन जब वापस लौटे तो उन्हें बेटी फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस सहपाठियों और शिक्षकों से कर रही पूछताछ
सूचना मिलने पर टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी राजेश सिंह के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों और स्कूल प्रबंधन के बयान दर्ज करने के साथ छात्रा के सहपाठियों से भी पूछताछ कर रही है। स्कूल में हुई घटना और छात्रा की मौत के बीच कोई संबंध था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









