रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती की मुख्य परीक्षा-2024 स्थगित कर दी है। परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर को होनी थी। आयोग ने मंगलवार, 13 अक्टूबर को जारी आदेश में अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है। नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
दूसरी बार बदली परीक्षा की तारीख
पहले यह परीक्षा 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित थी, लेकिन शिक्षक भर्ती परीक्षा से तारीख टकराने के कारण इसे नवंबर में निर्धारित किया गया था। अब दूसरी बार परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों का इंतजार बढ़ गया है। राज्योत्सव के कारण परीक्षा टलने की चर्चा है, हालांकि आयोग ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
मुख्य परीक्षा के लिए 7301 अभ्यर्थी चयनित
पुलिस विभाग की इस भर्ती के लिए 12 जुलाई को प्रदेश के 183 केंद्रों पर प्रारंभिक परीक्षा आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 63 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। 4 अगस्त को जारी परिणाम में 7301 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हुए थे।
शिक्षक भर्ती परीक्षाएं भी स्थगित
इससे पहले बिलासपुर हाईकोर्ट के आदेश के बाद निशक्तजन आरक्षण से जुड़े मामले में 11 अक्टूबर की सहायक शिक्षक और 25 अक्टूबर की शिक्षक भर्ती परीक्षा भी स्थगित हो चुकी हैं। लगातार भर्ती परीक्षाएं टलने से अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ गई है। नई तारीख और प्रवेश पत्र से जुड़ी जानकारी आयोग की वेबसाइट psc.cg.gov.in पर जारी होगी।










