छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: ईडी का नया खुलासा, राजीव भवन तक पहुंचे 860-880 करोड़ रुपये

रायपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh)के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हालिया जांच में एक और बड़ा दावा किया है। एजेंसी के अनुसार, 2019 से 2023 के बीच एक संगठित सिंडिकेट ने आबकारी विभाग और छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीएसएमसीएल) पर नियंत्रण करके 2,883 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई अर्जित की। इस कमाई का बड़ा हिस्सा लक्ष्मी नारायण बंसल उर्फ पप्पू बंसल संभालते थे।

ईडी का दावा है कि रामगोपाल अग्रवाल (तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष) के निर्देश पर यह नकदी रायपुर के शंकर नगर स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचाई जाती थी। वहां इसे उनके अधीन काम करने वाले लेखापाल देवेंद्र डडसेना प्राप्त करते थे। इस माध्यम से करीब 860 से 880 करोड़ रुपये पहुंचे, जिनमें से लगभग 72 करोड़ रुपये अग्रवाल के नियंत्रण में रहे और उनके निर्देश पर इस्तेमाल या वितरित किए गए।

कस्टम मिलिंग घोटाले में भी गिरफ्तारी

ईडी ने रामगोपाल अग्रवाल को 9 अक्टूबर 2026 को कस्टम मिलिंग घोटाले में भी गिरफ्तार किया। इस मामले में राइस मिलर्स से प्रोत्साहन राशि जारी करने के बदले दिसंबर 2022 से जुलाई 2023 के बीच करीब 147 करोड़ रुपये की अवैध वसूली का आरोप है। प्रोत्साहन राशि 40 रुपये से बढ़ाकर 120 रुपये प्रति क्विंटल की गई थी, जिसके बाद मिलर्स से 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से नकदी वसूली की जाती थी। जो भुगतान नहीं करते, उनके बिल रोक दिए जाते थे। विशेष अदालत ने उन्हें ईडी की रिमांड पर भेजा।

घोटाले का तरीका और बड़े आरोपी

ईडी की जांच के मुताबिक सिंडिकेट ने कई तरीकों से कमाई की देशी शराब की सप्लाई पर अवैध कमीशन, सरकारी दुकानों में नकली होलोग्राम के जरिए बिना हिसाब की शराब बिक्री, डिस्टिलर्स से सालाना कमीशन और विदेशी शराब के लिए एफएल-10ए लाइसेंस व्यवस्था। 26 दिसंबर 2025 को दायर अंतिम अभियोजन शिकायत में कुल 81 लोगों को आरोपी बनाया गया, जिनमें 59 नए नाम शामिल हैं। अब तक नौ प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, अनवर ढेबर, कवासी लखमा, चैतन्य बघेल और सौम्या चौरसिया शामिल हैं।

ईडी ने अब तक 600 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अटैच या जब्त की हैं। अग्रवाल की दो अचल संपत्तियां (मूल्य 9.06 करोड़ रुपये) भी कुर्क की गईं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now