अंबिकापुर। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो (Akanksha Toppo) को बुधवार को कोतवाली पुलिस ने हिरासत में लिया। मेडिकल जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। उन पर बलात्कार पीड़िता की पहचान और निजी जानकारी सार्वजनिक करने के साथ उससे जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है।
4 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मामला
गंगापुर निवासी शैलेन्द्र शर्मा की शिकायत पर 4 अक्टूबर की रात पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो, होली क्रॉस कॉलेज के लेक्चरर अकील अहमद अंसारी समेत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत केस दर्ज किया है। शिकायत में आरोप है कि पीड़िता की निजी जानकारी सार्वजनिक की गई और इंटरव्यू के दौरान आपत्तिजनक सवाल पूछकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
कोर्ट परिसर में जुटी भीड़
आकांक्षा को अदालत में पेश किए जाने की खबर मिलने के बाद कोर्ट परिसर में भाजपा से जुड़े कई लोग पहुंचे। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी।
पुलिस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ इससे पहले सीतापुर थाने में भी एक अलग मामला दर्ज हो चुका है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और अदालत की प्रक्रिया के आधार पर होगी।











