INDIA Bloc Jantar Mantar Protest LIVE : दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों का जंतर-मंतर मार्च बीच में ही रोक दिया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे विपक्षी नेताओं पर पुलिस ने कार्रवाई की।राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लेकर जबरन बस में बैठा दिया। कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी हिरासत में लिए गए। इस दौरान प्रियंका गांधी सड़क पर लेटकर धरना देने लगीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें सड़क से हटाने की कोशिश की। प्रियंका ने आरोप लगाया कि उनके साथ गलत बर्ताव किया जा रहा है और उन्हें मारा-पीटा जा रहा है।

जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच मीटिंग के बाद विपक्षी सांसद बस में बैठकर जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए थे। पुलिस ने बस रोक दी और आगे बढ़ने से मना कर दिया। इसके बाद कई नेता पैदल ही आगे बढ़ने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, प्रदर्शन जारी रहेगा।

आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और लोकतंत्र पर लाठीचार्ज हो रहा है।विपक्ष ज्ञानेश कुमार को वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं मानता और उनके इस्तीफे तक विरोध जारी रखने का ऐलान कर चुका है।







