रायपुर के सरकारी अस्पताल में हुआ कमाल
कार्डियक अरेस्ट के बाद हृदय की पंपिंग सिर्फ 15% बची थी, फिर भी 73 साल के मरीज की बचाई जान

रायपुर (Raipur)डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के हार्ट विभाग ने एक और मुश्किल केस में सफलता हासिल की है। 73 साल के एक मरीज को घर पर अचानक बेहोश होने के बाद कार्डियक अरेस्ट की हालत में अस्पताल लाया गया था। उसकी हृदय की पंपिंग क्षमता सिर्फ 15 प्रतिशत रह गई थी। तीनों मुख्य धमनियों में रुकावट और एओर्टिक वाल्व में गंभीर सिकुड़न भी थी। विभाग के प्रमुख डॉ. कृष्णकांत साहू और उनकी टीम ने एक ही ऑपरेशन में बाईपास सर्जरी और वाल्व बदलने का काम सफलतापूर्वक किया। अब मरीज की हालत स्थिर है और वह जल्द घर जा सकेगा।

मरीज को इमरजेंसी में गंभीर हालत में लाया गया था। उस समय उसकी हृदय गति रुक चुकी थी। डॉक्टरों ने तुरंत सीपीआर, शॉक और डिफिब्रिलेशन देकर उसे वापस जीवन दिया। इसके बाद मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया।

जांच में पता चला कि हृदय सिर्फ 15 प्रतिशत ताकत से काम कर रहा था। तीनों कोरोनरी धमनियों में ब्लॉकेज था और एओर्टिक वाल्व बहुत ज्यादा सिकुड़ गया था। मरीज को करीब 23 दिन तक आईसीयू में रखकर हालत सुधारने की कोशिश की गई। इस दौरान किडनी में भी समस्या आई थी। शुरू में ऑपरेशन का जोखिम बहुत ज्यादा था, लेकिन धीरे-धीरे हालत सुधरने के बाद टीम ने सर्जरी का फैसला लिया।

परिजनों को पूरी बात साफ बताई गई कि उम्र, हालिया अरेस्ट और कमजोर हृदय के कारण ऑपरेशन बहुत खतरनाक है। फिर भी उन्होंने सहमति दी।

डॉ. कृष्णकांत साहू ने बताया कि मरीज की बंद धमनियों में बाईपास बनाया गया और सिकुड़े हुए वाल्व की जगह नया मैकेनिकल वाल्व लगाया गया। उम्र, कम पंपिंग क्षमता और दोनों समस्याओं के एक साथ होने के कारण यह सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण थी।

ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत लगातार सुधर रही है। यह इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त हुआ। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी और अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में भी ऐसे जटिल हृदय रोगों का इलाज हो रहा है, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ रहा है।

ऑपरेशन में शामिल टीम
हार्ट सर्जन: डॉ. कृष्णकांत साहू
एनेस्थीसिया: डॉ. संकल्प दीवान
पर्फ्युजनिस्ट: अंकिता श्रीवास्तव, दिगेश्वर
अन्य स्टाफ: डॉ. पल्लवी यादव सहित ओटी और आईसीयू की पूरी टीम

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now