रायपुर से अगवा ट्रांसपोर्ट कारोबारी मिर्जापुर में मिला, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। खमतराई इलाके के डीएम टावर से शुक्रवार दोपहर अगवा किए गए ट्रांसपोर्ट (Transport) कारोबारी प्रतीक राय को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से ढून्ढ निकाला है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को भी हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद की बात सामने आई है।

दोपहर में स्कॉर्पियो से ले गए

पुलिस के मुताबिक, प्रतीक राय की पत्नी अनिता राय ने शुक्रवार रात करीब 9 बजे पति के घर नहीं लौटने और मोबाइल बंद होने की सूचना खमतराई थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डीएम टावर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि प्रतीक राय को दोपहर करीब 2.28 बजे काले रंग की यूपी पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों ने जबरन अपने साथ बैठाया और वहां से ले गए।

मोबाइल और वाहन की लोकेशन से पुलिस पहुंची मिर्जापुर

घटना की जानकारी मिलते ही खमतराई पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए वाहन की लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया। कुछ ही देर में वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद रायपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया और वाहन की लोकेशन, संभावित रास्ते और टोल प्लाजा से जुड़ी जानकारी साझा की। पुलिस ने चौपन, रॉबर्ट्सगंज समेत रास्ते में पड़ने वाले दूसरे थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया। संभावित रास्तों पर नाकाबंदी और चेकिंग पॉइंट लगाए गए। आरोपियों की लोकेशन बदलने के साथ रास्ते में तैनात पुलिस टीमों को लगातार जानकारी दी जाती रही।

अहरौरा में स्कॉर्पियो रोकी, तीन आरोपी पकड़े

लगातार ट्रैकिंग और नाकाबंदी के बाद मिर्जापुर के अहरौरा थाना पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में सवार तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया और प्रतीक राय को बरामद कर लिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद प्रतीक राय को जबरन अपने साथ ले जाया गया था। आरोपी उसे उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे थे।

12 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस का कहना है कि रात करीब 9 बजे अपहरण की सूचना मिलने के बाद तकनीकी सर्विलांस, नाकाबंदी और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय के जरिए करीब 12 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। रायपुर पुलिस की टीम तीनों आरोपियों को लेकर उत्तर प्रदेश से रवाना हो चुकी है। मामले में आगे की पूछताछ और जांच की जा रही है।

हिरासत में लिए गए आरोपी

  • अभय सिंह, पिता राम सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी हनुमंत नगर चौराहा, थाना हैदरगढ़, जिला बाराबंकी, उत्तर प्रदेश।
  • बृहस्पत देव सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी दरियावगंज, थाना सीहोर, उत्तर प्रदेश।
  • आदर्श सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी अलावलपुर, पोस्ट अटीहार, जिला प्रतापपुर, उत्तर प्रदेश।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now