कोल लेवी केस में विधायक देवेंद्र यादव के खिलाफ EOW 5 अक्टूबर को पेश करेगी चालान

EOW

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोल लेवी मामले में भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को EOW ने नोटिस जारी किया है। जांच एजेंसी ने उन्हें मामले में आरोपी बनाया है और 5 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे रायपुर की विशेष अदालत में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

EOW-ACB की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, अपराध क्रमांक 03/2024 में जांच पूरी होने के बाद अभियोग पत्र यानी चार्जशीट विशेष न्यायालय में पेश की जाएगी। नोटिस में देवेंद्र यादव को चार्जशीट पेश किए जाने के समय अदालत में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।

नोटिस में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7A और 12 के साथ ही IPC की धारा 420, 120-B, 384, 467, 468 और 471 का उल्लेख किया गया है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, कोल लेवी मामले में करीब 540 करोड़ रुपये की कथित अवैध वसूली का मामला है। एजेंसियों का आरोप है कि जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच कोयला परिवहन से जुड़ी प्रक्रिया में बदलाव के बाद प्रति टन कथित अवैध वसूली की गई।

देवेंद्र यादव से सितंबर के अंतिम सप्ताह में EOW कार्यालय में दो घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ भी की गई थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, कोल लेवी मामले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी जांच में मिली डायरी और उसमें दर्ज कथित लेन-देन के आधार पर देवेंद्र यादव से पूछताछ की गई। यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

अब 5 अक्टूबर को विशेष अदालत में EOW-ACB द्वारा अंतिम अभियोग पत्र पेश किए जाने की प्रक्रिया होगी। इसी दौरान देवेंद्र यादव को भी अदालत में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now