IIT-Bombay केस में नया मोड़, मौत से पहले दोस्त से बोले साहिल- ‘मुझसे गलती हो गई’

मुंबई | आईआईटी बॉम्बे (IIT-Bombay)के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में जांच के दौरान एक अहम जानकारी सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक, मौत से कुछ घंटे पहले साहिल ने एक दोस्त से फोन पर बात की थी। इस बातचीत में उसने कथित तौर पर कहा था, “मुझसे गलती हो गई है। मेरा पिछला थर्मोडायनामिक्स का पेपर भी अच्छा नहीं गया था और अब ये हो गया।” पुलिस जांच में सामने आई इस बातचीत को मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए अहम माना जा रहा है।

दोपहर करीब 2:30 बजे हुई थी आखिरी बातचीत

जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार, साहिल 18 सितंबर को परीक्षा के बाद करीब 1:30 बजे अपने हॉस्टल के कमरे में लौटे थे। इसके करीब एक घंटे बाद उन्होंने एक दोस्त को फोन किया। इसके बाद उन्होंने फोन का जवाब नहीं दिया। बाद में वह अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाए गए बताया जा रहा है कि फोन पर साहिल ने परीक्षा से जुड़ी गलती का जिक्र किया था। दोस्त ने उन्हें शांत रहने और अगली परीक्षा पर ध्यान देने की सलाह दी थी।

माता-पिता ने राहुल गांधी से की बातचीत

इस मामले में साहिल के माता-पिता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी बातचीत की है। परिवार लगातार मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग कर रहा है। माता-पिता ने आईआईटी बॉम्बे के अधिकारियों और एक प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कार्रवाई की मांग की है।

साहिल के पिता रविंद्र वाकोडे और मां सोनाली वाकोडे का आरोप है कि उनके बेटे ने उनसे कैंपस में कथित जातिगत भेदभाव और मानसिक उत्पीड़न की बात कही थी। परिवार का कहना है कि उन्होंने उस समय साहिल को स्थिति सहने और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी थी। अब माता-पिता इसे अपनी गलती मानते हुए मामले की गहराई से जांच की मांग कर रहे हैं।

परीक्षा में मोबाइल इस्तेमाल करने का भी मामला

साहिल आईआईटी बॉम्बे में बीटेक के दूसरे वर्ष के छात्र थे। संस्थान के अनुसार, वह मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़े गए थे। संस्थान ने कहा था कि प्रश्नपत्र को चैटजीपीटी पर अपलोड कर जवाब हासिल करने की कोशिश की गई थी। हालांकि, साहिल के पिता ने परीक्षा में नकल के आरोपों को जांच का विषय बताया है।

जातिगत भेदभाव के आरोपों की भी जांच

साहिल के परिवार ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूल्ला पर जातिगत टिप्पणी और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। वहीं, आईआईटी बॉम्बे ने कहा है कि साहिल की ओर से एससी-एसटी सेल या प्रशासन के पास ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। मामले में पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस जांच में साहिल की दोस्त से हुई बातचीत भी सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक, उस बातचीत में साहिल ने कथित तौर पर जातिगत टिप्पणी का जिक्र नहीं किया था। ऐसे में पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

आईआईटी बॉम्बे ने बनाई जांच कमेटी

घटना के बाद आईआईटी बॉम्बे ने साहिल की मौत की परिस्थितियों की जांच के लिए 10 सदस्यीय उच्चस्तरीय कमेटी गठित की है। वहीं, विरोध के बीच प्रोफेसर डूल्ला को डीन ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव अफेयर्स के पद से हटाकर छुट्टी पर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories