लेंस डेस्क। मुंबई। IIT बॉम्बे में छात्र साहिल रविंद्र वाकोडे की आत्महत्या के मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डल्ला के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। साहिल के पिता ने आरोप लगाया है कि प्रोफेसर ने उनके बेटे को करीब तीन महीने तक जातिसूचक गालियां दीं और प्रताड़ित किया।
साहिल के पिता ने अपनी शिकायत में IIT बॉम्बे के डायरेक्टर श्रीशिश बी. केदारे, कुछ फैकल्टी सदस्यों और सीनियर अधिकारियों के नाम भी शामिल किए हैं। शिकायत में आरोप है कि डायरेक्टर के निर्देश पर उत्पीड़न किया गया। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। अब मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
22 वर्षीय साहिल एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में सेकंड ईयर बीटेक का छात्र था। वह 18 सितंबर की शाम हॉस्टल नंबर-4 के अपने कमरे में मृत पाया गया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। यह IIT बॉम्बे में सात महीने के भीतर तीसरा आत्महत्या का मामला है। देशभर के IIT में इस साल अब तक 9 छात्रों ने आत्महत्या की है।
IIT बॉम्बे के अनुसार, घटना से पहले साहिल परीक्षा देने गया था। इस दौरान वह मोबाइल फोन इस्तेमाल करते पकड़ा गया। संस्थान का कहना है कि उसने परीक्षा के पेपर को चैटजीपीटी पर अपलोड कर जवाब लेने की कोशिश की थी।
संस्थान ने बताया कि साहिल के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। इंस्ट्रक्टर और विभाग प्रमुख ने उससे बात की और काउंसलिंग की। उसे आश्वासन दिया गया कि इस घटना का उसके अकादमिक करियर पर कोई असर नहीं पड़ेगा। शाम 4 बजे वह हॉस्टल लौट गया था। देर रात उसका शव फंदे से लटका मिला।
IIT में आत्महत्याओं का सिलसिला
ग्लोबल आईआईटी एलुमनाई सपोर्ट ग्रुप के अनुसार, पिछले 20 साल में 160 IIT छात्रों ने आत्महत्या की है। इनमें 43 प्रतिशत मामले पिछले पांच साल में सामने आए। 2025 में 16 और 2026 में सितंबर तक 9 मामले दर्ज हुए हैं। सर्वे में 61 प्रतिशत छात्रों ने अकादमिक तनाव को सबसे बड़ा दबाव बताया है।
शिक्षा मंत्रालय ने 2024 में 1,000 छात्रों पर एक काउंसलर का लक्ष्य रखा था, लेकिन कई IIT में यह अनुपात इससे ज्यादा है।
घटना के बाद 400 से ज्यादा छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। डायरेक्टर प्रो. शिरीष केदारे ने छात्रों से मुलाकात की। छात्रों के विरोध के कारण मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दी गई हैं। संस्थान ने छात्र की मौत पर दुख जताया है और जांच जारी है।








