DUSU चुनाव: अध्यक्ष-सचिव सहित तीन पदों पर ABVP की जीत ,एक में निर्दलीय जीता, NSUI को एक भी पद नहीं मिला

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव की मतगणना समाप्त हो गई है।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की है। ABVP ने इन तीनों केंद्रीय पदों पर जीत के साथ 3-0 का परिणाम अपने नाम किया है।

अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। 18वें राउंड तक यश डबास को 21,109 वोट मिले, जबकि NSUI के विजय शंकर मीणा को 20,554 वोट प्राप्त हुए। दोनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबला करीबी रहा और महज कुछ सौ वोटों के अंतर से तस्वीर बदली।

सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने NSUI की नम्रता चौधरी को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की। रिया छावड़ी को कुल 18,366 वोट मिले, जबकि नम्रता चौधरी के खाते में 13,451 वोट आए।

वहीं, संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने बाजी मारी। उन्हें 14,182 वोट मिले। NSUI के गोपाल चौधरी को 13,829 वोट मिले, जबकि SCS के विशेष यादव को 14,045 वोट प्राप्त हुए। इस पद पर भी मुकाबला काफी नजदीकी रहा।

हालांकि उपाध्यक्ष पद की तस्वीर अलग रही। इस पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन आगे रहे। उन्हें 27,501 वोट मिले। ABVP के ईशु मौर्य को 14,506 वोट और NSUI के वीर छत्रथ को 3,827 वोट प्राप्त हुए।

लगातार दूसरी बार हार से NSUI को तगड़ा झटका

दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन के चुनाव में लगातार दूसरी बार हार से एनएसयूआई को तगड़ा झटका लगा है। आज जिस समय राहुल गांधी इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं तब दिल्ली विश्विद्यालय छात्रसंघ चुनाव के ये नतीजे एनएसयूआई के लिए अत्यंत निराशाजनक हैं।

संगठन के भीतर प्रभारी कन्हैया कुमार और अध्यक्ष विनोद जाखड़ के बीच कथित दूरियां भी चर्चा का विषय है।

एनएसयूआई सूत्र कहते हैं कि टिकटों के बंटवारे के दौरान भी यह मतभेद इतना था कि एक बार तो विनोद जाखड़ नाराज़ हो कर बैठक छोड़ गए थे।

कहा जा रहा है कि बागी उम्मीदवारों को मना ना सकना एक बड़ी नाकामी थी। इस हार को व्यक्तिगत तौर पर कन्हैया कुमार के लिए भी झटका माना जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now