रायपुर | 16 सितंबर 2026। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) और उससे जुड़े कॉलेजों में छात्रों को अगले वर्ष और सेमेस्टर में प्रवेश नहीं मिलने का मामला सामने आया है। राज्य सरकार के लिखित आदेश के बावजूद 2nd और 3rd Year के साथ 3rd और 5th Semester में एडमिशन नहीं दिए जाने को लेकर NSUI बुधवार को विश्वविद्यालय पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं और छात्रों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।
NSUI कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों से मुलाकात कर छात्रों की परेशानी बताई। इस दौरान कुलपति और रजिस्ट्रार के मौजूद नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। NSUI ने कहा कि अगर छात्रों को जल्द प्रवेश नहीं दिया गया तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने NSUI कार्यकर्ताओं और छात्रों से बात की और समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद संगठन ने फिलहाल धरने पर बैठने का फैसला टाल दिया।
NSUI का कहना है कि राज्य सरकार छात्रों को अगले वर्ष और सेमेस्टर में प्रवेश देने को लेकर लिखित आदेश जारी कर चुकी है। इसके बावजूद छात्रों को एडमिशन के लिए परेशान होना पड़ रहा है। संगठन के मुताबिक, Credit Score के आधार पर B.A. LL.B. समेत कुछ अन्य पाठ्यक्रमों के छात्रों को 2nd और 3rd Year में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
NSUI ने कहा कि एडमिशन में हो रही देरी से हजारों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। खासकर B.A. LL.B. और अन्य पाठ्यक्रमों के छात्रों को 3rd Year में प्रवेश नहीं मिलने से उनका शैक्षणिक सत्र बिगड़ने का खतरा है।
सरकार के आदेश का पालन कराने की मांग
NSUI ने PRSU के कुलपति और उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सरकार के आदेश का तत्काल पालन कराने की मांग की है। संगठन ने छात्रों को बिना किसी शर्त के 2nd और 3rd Year तथा 3rd और 5th Semester में नियमित प्रवेश देने की मांग की है।
इसके अलावा NSUI ने कहा है कि केवल Credit Score के आधार पर छात्रों को अगले वर्ष या सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। संगठन ने सभी विश्वविद्यालयों और उनसे जुड़े कॉलेजों में प्रवेश को लेकर बनी समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि छात्रों की पढ़ाई और पूरा शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।









