लेंस डेस्क। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने नंदीग्राम से हसीरानी रथ और रेजीनगर से शाश्वर सरकार को टिकट दिया है। हसीरानी रथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं। 6 मई की रात मध्यमग्राम के पास चंद्रनाथ रथ को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद उनकी मौत हो गई। यह घटना विधानसभा चुनाव नतीजों के दो दिन बाद हुई थी।
नंदीग्राम सीट कैसे खाली हुई?
इस साल अप्रैल-मई में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर सत्ता हासिल की थी। तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिलीं। शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया। इससे नंदीग्राम सीट खाली हुई।
TMC के दोनों गुट आमने-सामने
उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुट भी मैदान में हैं। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और रेजीनगर से सफी उज्जमान शेख को उम्मीदवार बनाया है। वहीं ममता बनर्जी वाले गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान डे और रेजीनगर से पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को टिकट दिया है।
दोनों गुट ‘जोड़ा घास फूल’ चुनाव चिह्न पर अपना दावा कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों से अतिरिक्त दस्तावेज मांगे हैं और 16 सितंबर तक जवाब मांगा है। अगर फैसला नहीं होता तो चुनाव चिह्न फ्रीज हो सकता है। ऐसी स्थिति में दोनों गुटों को अलग नाम और चिह्न के साथ चुनाव लड़ना पड़ सकता है।
कांग्रेस ने नंदीग्राम से मिलन प्रधान और रेजीनगर से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी को उम्मीदवार बनाया है। CPI(M) ने रेजीनगर से सैयद असद अली को और CPI ने नंदीग्राम से शांति गोपाल गिरी को टिकट दिया है।
नंदीग्राम का राजनीतिक महत्व
नंदीग्राम लंबे समय से राजनीतिक संघर्ष का केंद्र रहा है। 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन ने यहां से ममता बनर्जी की राजनीतिक ताकत बढ़ाई थी। 2021 में ममता बनर्जी ने यहीं से शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा लेकिन हार गईं। 2026 में अधिकारी ने दोबारा इस सीट से जीत दर्ज की। नंदीग्राम और रेजीनगर के अलावा तमिलनाडु की दो सीटों, पुडुचेरी की एक सीट और असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होने हैं। पश्चिम बंगाल के इन दोनों सीटों पर नतीजे 9 अक्टूबर को आने वाले हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर है।









