रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के लिखित परीक्षा परिणाम के आधार पर 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया है। आयोग ने 31 अगस्त 2026 को इसका प्रेस विज्ञप्ति जारी किया है।
दरअसल, CGPSC ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत अलग-अलग 20 सेवाओं के लिए कुल 265 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। इसके लिए प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसके परिणाम के आधार पर 3,921 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया था।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा 6, 7, 8 और 9 जून 2026 को आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में अलग-अलग वर्ग और उपवर्ग के न्यूनतम कटऑफ अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों में से कुल 608 उम्मीदवारों को अब इंटरव्यू के लिए चुना गया है।
इन अभ्यर्थियों को अब आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के जरिए इंटरव्यू के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
आयोग ने साफ किया है कि इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की तारीख से एक दिन पहले छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग कार्यालय में अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा।
अगर कोई अभ्यर्थी निर्धारित समय पर दस्तावेज सत्यापन नहीं कराता है, तो उसे इंटरव्यू में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आयोग के मुताबिक राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 का इंटरव्यू 21 सितंबर 2026 से शुरू होना संभावित है। इंटरव्यू की विस्तृत तारीख, समय और अन्य जानकारी आयोग की वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएगी।
आयोग ने लिखित परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।
CGPSC ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के लिखित परीक्षा का परिणाम भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम और इंटरव्यू से जुड़ी जानकारी आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं।









