रायपुर। भारत रत्न इंजीनियर सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की 165वीं जयंती के अवसर पर 15 सितंबर को रायपुर में भव्य अभियंता दिवस (Engineer’s Day) समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
संयुक्त अभियंता आयोजन समिति, रायपुर के संरक्षक पी. एन. सिंह ने अपने साथियों के साथ जाकर मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया है।
पी. एन. सिंह ने बताया कि अभियंता दिवस समारोह का आयोजन अभियंता संगठन, रायपुर की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम को दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा। पहले सत्र में विश्वेश्वरैया चौक, स्थानीय सर्किट हाउस के समीप सर एम. विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद दूसरे सत्र का आयोजन अग्रसेन धाम, जोरा, रायपुर में होगा।
उन्होंने बताया कि समारोह के दूसरे सत्र में तकनीकी गोष्ठी, क्विज प्रतियोगिता और संगीत संध्या समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विभिन्न अभियंता संगठनों के एक-एक उत्कृष्ट अभियंता को सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय कार्य और योगदान के लिए ‘इंजीनियर ऑफ द ईयर’ सम्मान भी प्रदान किया जाएगा।
पी. एन. सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी से अभियंता दिवस समारोह का महत्व और बढ़ेगा। समारोह में प्रदेश के अलग-अलग विभागों और अभियंता संगठनों से जुड़े अभियंताओं के शामिल होने की उम्मीद है।









