बिलासपुर । रक्षा बंधन की रात घटित अवांछित घटना से हम सब बेहद दुखी हैं,आहत हुए हैं । अपना शहर सदैव से ही शांतिप्रिय रहा है । आपसी सद्भाव के साथ यहाँ सब मिलकर रहते हैं । हर शहर की तरह यहाँ भी विभिन्न विचारधारा के लोग रहते हैं । लेकिन थोड़े बहुत विरोध, बहस के अलावा सभी एक दूसरे का सम्मान करते हैं । बल्कि इतना बड़ा शहर हो जाने के बावज़ूद आज भी यहाँ लोगों में पारिवारिक आत्मीयता भरे रिश्ते हैं । यहाँ के बाजारों, मोहल्लों में अभी भी रोज़ाना लोग जुटते हैं । दोस्ती,यारी और देश दुनिया की तमाम बातें होती है । और यही तो इसे अन्य किसी भी स्थान से अलग बनाती है कि यहाँ किस तरह से मिल जुल कर रहने की परम्परा है । इसे बनाए रखने में हमारे जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों, रंगकर्मियों, व्यवसायिक और सामाजिक संगठनों सभी की सहभागिता रही है और जाहिर है कि इसीलिए पवित्र अरपा नदी की धारा ने इसे बनाए और बचाए रखा है ।
प्रगतिशील लेखक संघ,जनवादी लेखक संघ, इप्टा, अग्रज नाट्य दल, सम्यक विचार मंच, मराठी साहित्य परिषद, सहित तमाम संस्थाओं,संगठनों ने उक्त बयान जारी करते हुए शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है साथ ही किसी भी प्रकार की अफ़वाह पर ध्यान न दें और न ही सोशल मीडिया या अन्य कहीं भी चल रहे ग़ैर ज़िम्मेदार संदेशों पर भरोसा करें ।
नथमल शर्मा, कपूर वासनिक, हबीब ख़ान, रफ़ीक खान, सुनील चिपड़े,नरेश अग्रवाल, अरुण दाभड़कर, प्रथमेश मिश्रा,सत्यभामा अवस्थी, मंगला देवरस, निरुपमा बाजपेयी, सचिन शर्मा, रईसा बेगम, संज्ञा टंडन, अशोक शिरोड़े सहित साथियों ने अपील की है कि शहर की परंपरा को बनाए और बचाए रखने में सहयोग करें ।
अरपा की पावन प्रेम धारा में भीगा हुआ अपना बिलासपुर
By लेंस न्यूज
🗓️ Published: August 30, 2026 7:43 pm









