महंगी चीनी पर कांग्रेस का ‘सत्याग्रह’, बैज बोले- गांधी ने नमक के लिए किया था, अब हम चीनी के लिए करेंगे आंदोलन

रायपुर। देशभर में शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अब सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ‘चीनी सत्याग्रह’ करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ नमक सत्याग्रह किया था, उसी तरह कांग्रेस अब बढ़ती महंगाई और शक्कर के दामों के खिलाफ जनता के साथ मिलकर सत्याग्रह करेगी।

पीसीसी चीफ ने शक्कर की बढ़ती कीमतों के लिए केंद्र की इथेनॉल नीति पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि देश में बड़े पैमाने पर गन्ने का इस्तेमाल इथेनॉल बनाने में किया जा रहा है, जिससे शक्कर की उपलब्धता प्रभावित हुई और कीमतों में बढ़ोतरी हुई। उन्होंने दावा किया कि सरकार को शक्कर की कीमत बढ़ने की जानकारी तीन-चार महीने पहले से थी, लेकिन समय रहते कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

‘महंगाई से जनता से 36 हजार करोड़ वसूले’

दीपक बैज ने महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के जरिए सरकार जनता से करीब 36 हजार करोड़ रुपये वसूल चुकी है। उन्होंने कहा कि शक्कर जैसी रोजमर्रा की जरूरत की चीज महंगी होने का सीधा असर आम लोगों की रसोई के बजट पर पड़ रहा है।

कांग्रेस का कहना है कि आने वाले दिनों में ‘चीनी सत्याग्रह’ के जरिए इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाया जाएगा। हालांकि, आंदोलन की तारीख और कार्यक्रम का विस्तृत ऐलान अभी नहीं किया गया है।

पहले विकास उपाध्याय ने भेजी थी भाजपा नेताओं को चीनी

शक्कर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी अलग अंदाज में विरोध जता चुके हैं। 22 अगस्त को उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों और सांसदों को पत्र के साथ चीनी की छोटी डिब्बियां भेजी थीं। उन्होंने बढ़ती कीमतों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए यह विरोध दर्ज कराया था।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories