नेपाल बाढ़ में छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता की बेटी लापता, कैलाश मानसरोवर यात्रा पर थीं

अंबिकापुर। नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता लापता हो गई हैं। हादसे के समय वह अपनी टीम के साथ नेपाल-तिब्बत सीमा स्थित इमीग्रेशन सेंटर में मौजूद थीं। उनके साथ दल के करीब 80 लोग भी लापता बताए जा रहे हैं। डॉ. मीना गुप्ता कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं। वह वर्तमान में इंग्लैंड में स्किन स्पेशलिस्ट के रूप में काम करती हैं।

यात्रा का सफर

डॉ. मीना 14 अगस्त को दिल्ली पहुंची थीं। इसके बाद एक आध्यात्मिक गुरु के साथ करीब 80 लोगों का दल दिल्ली से काठमांडू रवाना हुआ। 23 अगस्त को दल ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर ली थी।

25 अगस्त को दल के सदस्य नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित इमीग्रेशन सेंटर में औपचारिकताएं पूरी करने पहुंचे थे। इसी दौरान पूरा इमीग्रेशन सेंटर बाढ़ की चपेट में आ गया। इसके बाद डॉ. मीना समेत पूरे दल से संपर्क टूट गया।

पिता को भी बुलाया था

डॉ. मीना ने अपने पिता करता राम गुप्ता को भी यात्रा पर साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन व्यस्तता के कारण उन्होंने मना कर दिया। रक्षाबंधन पर बेटी से मिलने के इरादे से करता राम गुप्ता दिल्ली गए थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें हादसे की सूचना मिल गई।

करता राम गुप्ता अंबिकापुर नगर निगम के एल्डरमैन और भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने बताया कि संचार व्यवस्था ठप होने के कारण अभी तक बेटी से कोई संपर्क नहीं हो सका है। परिवार डॉ. मीना की सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना कर रहा है। डॉ. मीना गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल से हुई। डॉक्टर बनने के बाद वह इंग्लैंड में बस गईं और स्किन स्पेशलिस्ट के रूप में काम कर रही हैं।

पर्यटन और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल केंद्र सरकार के संपर्क में हैं। उन्होंने करता राम गुप्ता से घटना की जानकारी ली और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

नेपाल बाढ़ में हजारों लापता

नेपाल में बाढ़ के बाद 32 देशों के 1400 से ज्यादा नागरिक लापता बताए जा रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा भारतीय हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार लापता लोगों में भारत के करीब 290 नागरिक शामिल हैं। अमेरिका, यूक्रेन, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन समेत कई देशों के पर्यटक भी संपर्क से बाहर हैं।

अब तक 50 से ज्यादा विदेशियों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाला जा चुका है। बचाव अभियान जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories