नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (Gorakhpur)के दक्षिणी ग्रामीण इलाके में बीती रात ब्रह्मभोज में भोज के दौरान एक अधिवक्ता के ठेकेदार पिता की सब्बल व तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने कतार में भोज करते समय उन पर पीछे से सब्बल से हमला किया।इसके बाद ऑटो से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तलवार और बांके से गला काटकर हत्या कर दी।
जिस रोज हत्या हुई उस रोज सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में ही थे और तैरेंगे यात्रा को झंडा दिखा रहे थे।पुलिस में पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तीन नामजद समेत 7 आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
ब्रह्मभोज में होने गए थे शामिल
गोरखपुर के दक्षिणी ग्रामीण इलाके थाना सिकरीगंज क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में शनिवार को देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 50 वर्षीय बिजली ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक शिवकुमार तिवारी बिजली विभाग में ठेकेदार हैं और वो गांव के छेदी चौधरी की मृत्यु पर आयोजित ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे। हमले से पहले उन्हें ब्रह्मभोज में आमंत्रित करने के लिए कई लोग उनके दरवाजे पर आए थे।
पहले सब्बल फिर ऑटो रोककर धारदार हथियार से हमला
बताया जाता है कि कतार में भोज के दौरान शर्ट में सब्बल छुपाकर आए आरोपी ने पीछे से उनके सिर पर हमला किया। सर पर गंभीर चोट लगने से शिवकुमार तिवारी जख्मी हो गए। छेदी चौधरी के घर के लोग उन्हें ऑटो में अस्पताल ले जाने लगे। गांव से कुछ दूर हनुमान प्रसाद पोद्दार स्कूल के पास हमलावरों ने ऑटो रोक लिया और शिव कुमार पर तलवार और चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके गले और हाथ पर गंभीर चोट आई।इसके बाद आरोपियों ने उनके पेट में चाकू से वार कर दिया। शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
गले पर चाकू से वार, काटी अंगुलियां
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को करीब 500 मीटर तक रास्ते में खून के छींटे मिले। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार के करीब 20 वार के निशान मिले हैं। गले पर चाकू के गहरे घाव के साथ ही हाथ की अंगुलियां भी कटी हुई थीं। वारदात की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
शिवकुमार के बेटे आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। परिवार का गोरखपुर शहर में महाराणा प्रताप पालिटेक्निक के पास गांधीनगर मोहल्ले में आवास है।
क्रिकेट बना हत्या की वजह
बताया जा रहा है कि डेढ़ साल पहले वर्ष 2024 में क्रिकेट खेलने के दौरान चली आ रही रंजिश इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। क्रिकेट के बाद आदेश चौधरी की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसमें शिवकुमार को आरोपी बनाया गया था। इसी का बदला लेने के लिए छेदी चौधरी के पट्टीदार राहुल चौधरी व उसके भाई रोहित चौधरी ने घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने क्या कहा
गोरखपुर के एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में मृतक गांव में एक ब्रह्मभोज में गए थे। जहां उनकी हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचकर सिकरीगंज पुलिस ने जांच पड़ताल की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
मृतक के भाई रामकुमार त्रिपाठी ने 7 नामजद व अन्य अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ तहरीर दी है।मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। 7 नामजद आरोपियों में तीन नामजद समेत कुल 10 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन पर रासुका लगाए जाने की बात सामने आ रही है।
गोरखपुर हत्याकांड के बाद बड़ा एक्शन
पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के परिजनों और समर्थकों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सामने गोरखपुर-महाराजगंज हाईवे जाम कर दिया मौके पर पहुंचे अधिकारियों के सामने लोगों ने सिकरीगंज के तत्कालीन थानाध्यक्ष पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए और कार्रवाई की मांग की जनआक्रोश और लगातार उठ रहे सवालों के बीच अब सिकरीगंज थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अंजुल कुमार चतुर्वेदी का तबादला कर दिया गया है उनकी जगह इंस्पेक्टर आशीष कुमार द्विवेदी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।










