रायपुर। अक्टूबर माह को वैश्विक स्तर पर स्तन कैंसर (Breast cancer)जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। इसी अवसर पर क्षेत्रीय कैंसर केंद्र (RCC), पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में शनिवार 3 अक्टूबर 2026 को निःशुल्क स्तन कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आरसीसी के ओपीडी परिसर में लगेगा। आयोजन का मुख्य संदेश है – “शुरुआती पहचान ही सबसे बड़ा बचाव है”।
शिविर में क्या सुविधाएं मिलेंगी?
विशेषज्ञ ऑन्कोलॉजिस्ट द्वारा निःशुल्क क्लिनिकल जांच और परामर्श
जरूरत पड़ने पर सोनोमैमोग्राफी की सुविधा
महिलाओं को घर पर खुद जांच (Breast Self Examination) करने का प्रशिक्षण
किन महिलाओं को जरूर आना चाहिए?
30 वर्ष या उससे अधिक उम्र की सभी महिलाएं
जिनके परिवार में (माता, बहन, नानी आदि) स्तन कैंसर का इतिहास रहा हो
किन लक्षणों पर तुरंत ध्यान दें?
स्तन या कांख में कोई कठोर गांठ
स्तन के आकार या त्वचा में बदलाव (लाल होना या संतरे के छिलके जैसा दिखना)
निप्पल का अंदर धंसना
निप्पल से असामान्य स्राव या रक्त आना
लगातार दर्द रहना
विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर पहचान होने पर स्तन कैंसर का सफल इलाज संभव है।
पंजीकरण कैसे करें?
इच्छुक महिलाएं ऑनलाइन पंजीकरण इस लिंक पर कर सकती हैं: https://miceideas.org/registration/RCC
महिलाओं से अपील है कि वे इस निःशुल्क शिविर का लाभ जरूर उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।









