घायल छात्रों से मिले तेजस्वी यादव, गिरफ्तार छात्रों को रिहा करो, नहीं तो पूरे बिहार में होगा बड़ा आंदोलन

पटना। बिहार में NEET पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर चले बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा के बाद RJD नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने पटना के मेदांता अस्पताल पहुंचकर AK-47 फायरिंग में घायल छात्रों से मुलाकात की और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला।

तेजस्वी यादव ने कहा कि गोली लगने वाले तीनों छात्र निर्दोष हैं। एक छात्र दिसंबर में आर्मी का एग्जाम देने वाला है, दूसरे का जन्मदिन था और तीसरा दुकान पर काम करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष युवाओं पर गोली चलाई गई। तेजस्वी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गिरफ्तार छात्रों को कल शाम तक रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने उन्हें ‘सड़क छाप व्यक्ति’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘हम सरकार से आग्रह नहीं, चेतावनी देते हैं। दिल्ली में तय हो गया है कि केस वापस लिए जाएंगे, फिर सम्राट चौधरी कौन होते हैं?’ तेजस्वी ने यह भी मांग की कि मुख्यमंत्री पर अटेम्प्ट टू मर्डर का केस दर्ज होना चाहिए।

बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा

शनिवार को NEET पेपर लीक और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के मुद्दे पर बिहार बंद के दौरान कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन देखने को मिले। सिवान में छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया, बैरिकेड तोड़े और आंसू गैस के जवाब में हिंसा की। पुलिस ने हवाई फायरिंग की, जिसमें कुछ छात्र घायल हुए। राज्य में कुल 423 लोगों को हिरासत में लिया गया। पटना, सारण, सिवान, औरंगाबाद समेत कई जिलों में बवाल की खबरें आईं।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now