‘जल-जंगल-जमीन हमारा हक’… हसदेव अरण्य की कटाई पर गरजे टीएस सिंहदेव, सरकार पर साधा निशाना

Hasdeo Forest

कोरबा। छत्तीसगढ़ के हसदेव अरण्य (Hasdeo Forest) में हजारों पेड़ों की कटाई के खिलाफ कोरबा जिले के बुका में हसदेव महासम्मेलन आयोजित किया गया। रविवार को आयोजित यह महासम्मेलन आदिवासी अधिकारों और राजनीतिक बयानबाजी का बड़ा मंच बन गया।

विस्थापित आदिवासी हसदेव जलाशय संघर्ष समिति के इस सम्मेलन में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मंच से जल-जंगल-जमीन और पेशा कानून को लेकर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला।

टीएस सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान आदिवासियों को उनका हक दिलाने के लिए पेशा कानून को मजबूती से लागू करने की दिशा में काम किया गया था, लेकिन सरकार बदलते ही यह कानून सिर्फ फाइलों तक सीमित होकर रह गया। उन्होंने कहा कि “जल, जंगल और जमीन पर पहला हक यहां के लोगों का है, कोई सरकार इसे नजरअंदाज नहीं कर सकती।”

सम्मेलन में सिंहदेव ने आदिवासी समाज के अधिकारों को लेकर कई बड़े दावे किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गांव के तालाबों पर पहला अधिकार ग्रामीणों का तय किया था और मछुवारों के लिए भी ऐतिहासिक फैसले लिए थे। उन्होंने याद दिलाया कि तेंदूपत्ता, सरई, चार जैसे वन उत्पाद सिर्फ संसाधन नहीं बल्कि आदिवासी परिवारों की आजीविका हैं।

उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि स्थानीय लोग आज बांध और जलाशयों में मछली पकड़ने के अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि यह उनका कानूनी हक है। सिंहदेव ने लोगों से कहा कि ‘ढाई साल बाद कांग्रेस की सरकार बनाइए, फिर हक के साथ अपनी मांगें लागू कराइए।’

अपने संबोधन के दौरान सिंहदेव भावुक अंदाज में भी नजर आए। उन्होंने कहा कि आदिवासियों की लड़ाई में कांग्रेस हमेशा साथ खड़ी रही है और आगे भी जब बुलाया जाएगा, वे संघर्ष के लिए मैदान में उतरेंगे।

महासम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, डॉ. प्रेमसाय सिंह, विधायक जनक राम ध्रुव, सामाजिक कार्यकर्ता आलोक शुक्ला सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग मौजूद रहे।

सम्मेलन के दौरान ‘जल-जंगल-जमीन हमारा हक’ जैसे नारों से पूरा मैदान गूंज उठा और आदिवासी अधिकारों का मुद्दा एक बार फिर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में आ गया।

यह भी पढ़ें: PCC चीफ बनने की TS सिंह देव की इच्छा पर भूपेश बघेल बोले – मैं सिंह देव के बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं देता

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now