रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस ने अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए के सोने के गहने (Gold Seized), भारी मात्रा में चांदी और सैकड़ों मोबाइल फोन जब्त किए हैं। महासमुंद में पुलिस ने एक लग्जरी कार से करीब 7.5 किलो सोने की ज्वेलरी बरामद की है, जिसकी कीमत 9 करोड़ 17 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। वहीं अंबिकापुर में पुलिस ने एक कार से 95 किलो से ज्यादा पुरानी चांदी की पायल और 760 पुराने मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-353 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर रविवार रात पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक वोक्सवैगन वर्टस कार को रोककर तलाशी ली गई।
कार में गुजरात के राजकोट निवासी जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत सवार थे। पूछताछ के दौरान उनके जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद पुलिस ने कार की गहन जांच की।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट में बने एक सीक्रेट चेंबर का पता चला। इस चेंबर के अंदर दो पीठू बैग रखे थे। बैग खोलने पर छह प्लास्टिक बॉक्स मिले, जिनमें भारी मात्रा में सोने के जेवर रखे हुए थे।
जांच में बरामद गहनों का कुल वजन 7512.488 ग्राम यानी करीब साढ़े सात किलो पाया गया। पुलिस के मुताबिक सोने की कीमत करीब 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं कार की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
जब पुलिस ने आरोपियों से सोने के वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई कागजात पेश नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने सोने की ज्वेलरी और कार को जब्त कर लिया। मामले की जानकारी आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को भी भेज दी गई है।
अंबिकापुर में 95 किलो चांदी और 760 मोबाइल जब्त
दूसरी बड़ी कार्रवाई अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ओमनी कार से 95 किलो 500 ग्राम पुरानी चांदी की पायल और 760 पुराने मोबाइल फोन बरामद किए।
कार में पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद जिले के पांच युवक सवार थे। पकड़े गए आरोपियों के नाम सेन्तु शेख, गफ्फार शेख, असिम शेख, इब्राहिम शेख और माशदुल शेख बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी सामान के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए। पुलिस को आशंका है कि बरामद सामान चोरी का हो सकता है। वहीं पुराने मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर साइबर फ्रॉड जैसी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस और संबंधित एजेंसियां आगे की जांच में जुटी हुई हैं।








