रायपुर। छत्तीसगढ़ राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक Dharamlal Kaushik से मोबाइल लूटकर फरार हुआ बदमाश पुलिस से ज्यादा देर तक नहीं बच सका। वारदात को अंजाम देने के महज 8 घंटे के भीतर रायपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
दरअसल, सोमवार सुबह धरमलाल कौशिक रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे बाइक सवार एक युवक झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, क्योंकि मामला राज्य के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से जुड़ा था।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच समेत कई थानों की टीमों को तत्काल अलर्ट कर दिया गया। पुलिस ने शहरभर में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी इनपुट, ह्यूमन इंटेलिजेंस और लगातार ट्रैकिंग के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
आखिरकार पुलिस ने घटना के 8 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार युवक की पहचान 19 वर्षीय मणिकांत ध्रुव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला है और फिलहाल रायपुर के राजीव नगर इलाके में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी यदा-कदा रैपिडो चलाने का काम भी करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली है।








