राजधानी के VIP रोड के फार्महाउस में हुक्का पार्टी का VIDEO वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच

Hookah party

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में VIP रोड स्थित एक फार्महाउस में आयोजित हुक्का पार्टी (Hookah party) का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में युवक-युवतियां खुलेआम हुक्का पीते और फिल्मी गानों पर रील बनाते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, विशाल नगर स्थित एक फार्महाउस में प्राइवेट इवेंट के नाम पर पार्टी का आयोजन किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल हुए और उन्हें खुलेआम हुक्का परोसा गया। बताया जा रहा है कि यह आयोजन 8 अप्रैल को हुआ था।

पार्टी को आकर्षक बनाने के लिए सिंगर और वाद्य यंत्र बजाने वाले कलाकारों जैसे तबला, गिटार और बांसुरी वादकों को भी बुलाया गया था। आयोजन से पहले सोशल मीडिया पर इसका प्रचार-प्रसार भी किया गया था, जिससे बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक-युवतियां हुक्का पीते हुए फिल्मी गानों पर रील बना रहे हैं। यह गतिविधि राज्य में लागू नियमों के खिलाफ मानी जा रही है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आयोजन किसने किया और इसमें कौन-कौन शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही फार्महाउस संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह आयोजन बिना अनुमति के किया गया था। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो आयोजकों और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने 10 फरवरी 2023 को राजपत्र में संशोधन कर हुक्का बेचने और पिलाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसे गैर-जमानती अपराध घोषित किया गया है। नियमों के अनुसार, दोषी पाए जाने पर 1 से 3 साल तक की जेल और 10,000 से 50,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही हुक्का सामग्री भी जब्त की जाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories