Bill Gates ने Jeffrey Epstein से संबंधों पर अपने कर्मचारियों से मांगी माफी, दो अफेयर्स की बात भी कबूली

Bill Gates apologizes

लेंस डेस्‍क। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और अरबपति बिल गेट्स ने जेफरी एपस्टीन से संबंधों को लेकर अपने कर्मचारियों से माफी मांग ली है। इस माफी के लिए उन्‍होंने बाकायदा एक मीटिंग बुलाई और अपनी बात कही। यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी न्याय विभाग के दस्तावेजों से एपस्टीन से जुड़ी पुरानी फाइलें फिर से चर्चा में आई हैं, जिसमें गेट्स और एपस्टीन के बीच कई मीटिंग्स का जिक्र है।

THE WALL STREET JOURNAL के मुताबकि,  गेट्स ने स्वीकार किया कि एपस्टीन के साथ उनकी मुलाकातें एक बड़ी भूल थीं, जिसने गेट्स फाउंडेशन की छवि और मूल्यों पर नकारात्मक असर डाला। उन्होंने कहा कि उन्होंने एपस्टीन के किसी भी अपराध में हिस्सा नहीं लिया और न ही कोई अवैध गतिविधि देखी।

गेट्स ने मीटिंग में बताया कि उन्होंने 2011 में एपस्टीन से पहली बार मुलाकात की, जो उस समय फ्लोरिडा में नाबालिग लड़की से जुड़े अपराध के लिए दोषी ठहराए जाने के बाद यात्रा प्रतिबंधों का सामना कर रहा था। इसके बावजूद, गेट्स ने 2014 तक एपस्टीन के साथ संपर्क बनाए रखा, जिसमें अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस और वाशिंगटन में समय बिताना शामिल था।

उन्होंने माना कि एपस्टीन के साथ निजी प्लेन में यात्रा की और फाउंडेशन के कुछ अधिकारियों को भी इन मुलाकातों में शामिल किया, लेकिन एपस्टीन के द्वीप पर कभी नहीं गए और न ही रात भर रुके। गेट्स ने कहा कि एपस्टीन के साथ बातचीत मुख्य रूप से वैश्विक स्वास्थ्य और परोपकारी फंडिंग पर केंद्रित थी, जिसने इस संबंध को सामान्य लगने दिया, लेकिन अब वे इसे अपनी सबसे बड़ी गलती मानते हैं। उन्होंने अपनी पूर्व पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स का भी जिक्र किया, जिन्होंने शुरू से ही एपस्टीन संबंधों पर संदेह जताया था।

इसके अलावा गेट्स ने दो अफेयर्स की बात भी स्वीकार की, जो रूसी महिलाओं के साथ थे। एक अफेयर 2010 में ब्रिज टूर्नामेंट में मिली एक रूसी ब्रिज प्लेयर से था, जबकि दूसरा एक रूसी न्यूक्लियर फिजिसिस्ट से जुड़ा था, जिससे वे व्यावसायिक गतिविधियों के दौरान मिले।

गेट्स ने साफ किया कि ये संबंध एपस्टीन के पीड़ितों से जुड़े नहीं थे, लेकिन एपस्टीन ने बाद में इन अफेयर्स की जानकारी का इस्तेमाल गेट्स को धमकाने की कोशिश की थी। एक ईमेल में एपस्टीन ने गेट्स के सलाहकार को इन संबंधों का जिक्र करते हुए गेट्स की छवि को प्रभावित करने की बात कही थी। गेट्स ने जोर दिया कि इन अफेयर्स में कुछ भी अवैध नहीं था और उन्होंने एपस्टीन की महिलाओं या पीड़ितों के साथ कभी समय नहीं बिताया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now