देश में मौसम का बदला मिजाज, पहाड़ों पर बर्फबारी जारी, 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट, मैदानी इलाकों में तेज गर्मी

weather update

AAJ KA MAUSAM: देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। हिमालयी इलाकों में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं जिसके कारण 16 फरवरी तक हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। 17 फरवरी से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पहाड़ों पर अच्छी बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। वहीं मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ गई है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के कई जिलों में दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है जिसमें मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं। इन इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान के जयपुर और बीकानेर संभाग में 17-18 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है जबकि मध्य प्रदेश के कुछ जिलों जैसे जबलपुर, रीवा और सतना में 18-19 फरवरी को बारिश के बाद ठंड बढ़ने की संभावना है।

दिल्ली में आज आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रह सकता है लेकिन AQI खराब स्तर पर है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में 17-18 फरवरी को हल्की बारिश से ठंड लौट सकती है। बिहार में अगले कुछ दिनों तक बारिश नहीं होगी लेकिन कई जिलों में कोहरा छाया रह सकता है। तमिलनाडु, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुछ तटीय इलाकों में घना कोहरा देखा जा रहा है, जबकि इन क्षेत्रों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने वाली है।

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड जारी है, जहां मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान -25 डिग्री, गंगोत्री में -20 डिग्री और बद्रीनाथ में -16 डिग्री दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में भी ठंडक बढ़ सकती है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now