नई दिल्ली। प्रधानमंत्री कार्यालय का पता अब बदल गया है। पीएमओ आज से सेवा तीर्थ परिसर में शिफ्ट हो गया है। साथ ही इस परिसर में कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय भी होगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सेवा तीर्थ परिसर का उद्घाटन किया।
सरकार के आधिकारिक बयान के अनुसार, ये नई इमारतें भारत की आधुनिक और कुशल प्रशासनिक व्यवस्था का प्रतीक हैं। पहले ये तीनों महत्वपूर्ण कार्यालय अलग-अलग भवनों में थे।
इस भवन की उद्घाटन की तारीख भी सोच समझकर तय की गई थी। क्योंकि 13 फरवरी 1931 को नई दिल्ली को भारत की राजधानी के रूप में औपचारिक रूप से घोषित किया गया था। इस तरह यह आयोजन नई दिल्ली के 95 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुआ।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी सेवा तीर्थ परिसर से एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। साथ ही पुराने प्रधानमंत्री कार्यालय (साउथ ब्लॉक) में कैबिनेट की एक विशेष बैठक भी लेंगे। यह ब्रिटिश कालीन सचिवालय भवन में कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी, क्योंकि 1947 से यह इमारत देश की सत्ता का प्रमुख केंद्र बनी हुई थीऍ
इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 का भी लोकार्पण किया। इनमें वित्त, रक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, संस्कृति, कानून एवं न्याय, सूचना एवं प्रसारण, कृषि, रसायन एवं उर्वरक, कॉर्पोरेट मामले तथा जनजातीय कार्य जैसे कई प्रमुख मंत्रालयों के विभाग स्थानांतरित होंगे।
यह भी पढ़ें : Bangladesh Election Results : BNP की भारी जीत, तारिक रहमान बनेंगे प्रधानमंत्री










