Bangladesh Election Results : बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को हुए संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने शानदार जीत हासिल की है। यह देश के लिए 20 साल बाद बीएनपी की सत्ता में वापसी है। कुल 300 सीटों वाली संसद में बीएनपी और उसके गठबंधन ने 209 से 212 सीटें जीती हैं जो दो-तिहाई बहुमत से ज्यादा है।
मुख्य विपक्षी जमात-ए-इस्लामी गठबंधन को करीब 68-70 सीटें मिली हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, लगभग 12.7 करोड़ मतदाताओं में से करीब 60 प्रतिशत ने वोट डाला। यह चुनाव 2024 में छात्र आंदोलन से शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद पहला बड़ा चुनाव था, जिसमें अवामी लीग को भाग लेने की अनुमति नहीं मिली थी।
बीएनपी के चेयरपर्सन तारिक रहमान जो 17-18 साल के निर्वासन के बाद दिसंबर 2025 में वापस लौटे थे अब प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। वे ढाका-17 और बोगुरा-6 दोनों सीटों से जीते हैं। बांग्लादेश को 35 साल बाद पुरुष प्रधानमंत्री मिलने वाला है। बीएनपी की यह जीत 2001 के बाद उसकी सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है जब उसने 193 सीटें जीती थीं।
चुनाव शांतिपूर्ण रहा और लोग लोकतंत्र की वापसी की उम्मीद में उत्साहित दिखे। कुछ जगहों से वादविवाद और मारपीट की खबरें भी आई लेकिन स्थिति सम्भाल ली गई। जीत के बाद कई देशों ने बधाई दी है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को ‘निर्णायक जीत’ के लिए बधाई दी और दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने की बात कही।
अमेरिका ने भी बीएनपी की ‘ऐतिहासिक’ जीत पर बधाई दी और लोकतंत्र, सुरक्षा व समृद्धि की उम्मीद जताई। पाकिस्तान और अन्य देशों ने भी खुशी जाहिर की। बीएनपी ने समर्थकों से संयम बरतने और देश की स्थिरता बनाए रखने की अपील की है। यह चुनाव बांग्लादेश में राजनीतिक स्थिरता लाने वाला माना जा रहा है।











