रायपुर में शहीद को न्याय दिलाने कांग्रेस ने दिया मौन धरना, भाजपा सरकार पर लगाया शहीदों के अपमान का आरोप

Congress Protest

रायपुर। राजधानी रायपुर में शहीद राजीव पांडेय को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने मौन धरना प्रदर्शन किया। शहीद राजीव पांडेय की स्मारक का काम पूरा नहीं होने के चलते कांग्रेस ने ये प्रदर्शन किया है। कांग्रेसियों ने सरकार से जल्दी स्मारक का काम पूरा करने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा कि वर्तमान क्षेत्रीय विधायक की हठधर्मिता के कारण शहीद राजीव पांडेय स्मारक निर्माण के साथ गार्डन निर्माण कार्य अधूरा है। सरकार जल्दी स्मारक का काम पूरा करे। Congress Protest

दरअसल गुरूवार को शहीद राजीव पांडेय की 38वीं पुण्यतिथि है। 11 सितम्बर 2023 को शहीद राजीव पांडेय की स्मारक का भूमिपूजन किया गया था। लेकिन अबतक स्मारक का काम ठंडे बस्ते में है। इसे लेकर सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसजनों ने जीई रोड स्थित अनुपम गार्डन पर मौन धरना दिया।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि हम लोगों ने आज शहीद को न्याय दिलाने के लिए मौन धरना दिया है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा लगातार शहीदों का अपमान किया जा रहा है। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अनुपम गार्डन के पास शहीद राजीव पांडेय का स्मारक निर्माण के साथ गार्डन का निर्माण कांग्रेस शासन काल में होना था, जिसका भूमि पूजन दिनांक 11 सितम्बर 2023 को शहीद राजीव पांडेय जी के माता-पिता द्वारा किया गया था। जो कि बीजेपी की सरकार बनने से लेकर आज तक नहीं हो पाया। जिसका मुख्य कारण भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की हठधर्मिता है। यदि वर्तमान क्षेत्रीय विधायक चाहते तो यह कार्य शीघ्र पूर्ण किया जा सकता था लेकिन उनकी हठधर्मिता ने रायपुर पश्चिम विधानसभा के विकास पर सवाल खड़ा कर रखा है। शहीद कौशल यादव जी का स्मारक निर्माण कार्य भी अधूरा है।

कांग्रेस का कहाना है कि विश्व के सबसे ऊंचे रणक्षेत्र सियाचीन पर ऑपरेशन मेघदूत के तहत देश की सरहद की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद छत्तीसगढ़ के माटी पुत्र राजीव पांडेय जी हमेशा अमर रहेंगे। शहीद राजीव पांडेय जी यूनिट-8 जम्मू और कश्मीर लाइट इंफेंट्री में सेकंड लेफ्टिनेंट थे और उन्हें मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित भी किया गया था। लेकिन, भाजपा सरकार में शहीदों का सम्मान नहीं हो रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now