नई दिल्ली। भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। बीजपी ने इसे देश की बदनामी से जोड़ा है। भारत अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में यूथ कांग्रेस कांग्रेस के कार्यकताओं ने एआई समिट में टीशर्ट उतार पर प्रदर्शन किया है। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने कुछ कार्यकताओं को हिरासत में लिया है।
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने इसे सोची-समझी साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रदर्शनकारी पहले से तैयार थे, उन्होंने बारकोड या टी-शर्ट उल्टी पहनकर अंदर प्रवेश किया था। पात्रा ने दावा किया कि यह योजना राहुल गांधी के घर पर सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी में बनाई गई थी। उन्होंने कांग्रेस को देश को शर्मसार करने वाला बताया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब दुनिया भारत के एआई समिट की मेजबानी और तकनीकी नेतृत्व को देख रही थी, तब कांग्रेस ने व्यवधान पैदा करने का रास्ता चुना। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा दलगत राजनीति को राष्ट्रहित से ऊपर रखती दिखती है।

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि जब भारत वैश्विक एआई सम्मेलन में अपनी क्षमता दिखा रहा था, तब कांग्रेस ने शर्मिंदगी का रास्ता अपनाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नग्न होकर हंगामा किया, जो भारत को दुनिया के सामने बदनाम करने की मंशा से किया गया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध तो लोकतंत्र में जायज है, लेकिन देश की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाना ठीक नहीं। भारत इससे कहीं बेहतर होने का हकदार है।









