AI Impact Summit में US-India trade deal का विरोध, यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, हिरासत में कार्यकर्ता

February 20, 2026 2:59 PM
IYC Protest

नई दिल्‍ली। राजधानी  के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान आज भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने ‘पीएम कम्प्रोमाइज्ड’ जैसे स्लोगन दिखाए और अपनी टी शर्ट उतार कर प्रदर्शन किया।

ये कार्यकर्ता समिट के विभिन्न हिस्सों और पवेलियनों में पहुंचे, जहां पोस्टर लहराते हुए और लगातार नारेबाजी करते दिखे। मौके पर तैनात दिल्ली पुलिस ने फौरन कार्रवाई की और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आयोजन स्थल से बाहर कर दिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को किया था, जिसमें टेक जगत के बड़े नाम, विभिन्न देशों के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ शामिल हैं। शुक्रवार को इसी कार्यक्रम के बीच यह हंगामा हुआ।

भारतीय युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर इसे जायज ठहराते हुए कहा कि जब विदेश नीति में झुकाव और कॉरपोरेट दबाव दिखता है, तो साफ है कि पीएम मोदी कम्प्रोमाइज्ड हैं। उन्होंने इसे देश की अस्मिता से समझौता न करने की लड़ाई बताया और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए।

वहीं, भाजपा ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। पार्टी के प्रवक्ताओं ने इसे देश-विरोधी हरकत करार दिया और कहा कि ऐसे कृत्य भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को धूमिल करते हैं। एक भाजपा नेता ने इसे ‘राष्ट्रीय शर्म’ तक कहा और जनता से इसका जवाब देने की बात कही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now