रायपुर। विवेकानंद विद्यापीठ, रामकृष्ण परमहंस नगर, कोटा रायपुर में 11 सितंबर 2026 को विश्व-भ्रातृत्व दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन शाम 4 बजे विवेकानंद विद्यापीठ सभाभवन, रायपुर में किया जाएगा। इस अवसर पर विश्व-भ्रातृत्व की भावना, स्वामी विवेकानंद के विचार और विश्वशांति जैसे विषयों पर परिसंवाद आयोजित होगा।
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे मुख्य अतिथि होंगी। वहीं रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन, बेलूर मठ (हावड़ा) के वरिष्ठ न्यासी स्वामी सर्वभूतानन्द जी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
परिसंवाद में स्वामी आत्मश्रद्धानन्द जी ‘स्वामी विवेकानंद और विश्वशांति’ विषय पर अपने विचार रखेंगे। स्वामी गुणदानन्द जी ‘स्वामी विवेकानंद और सर्वधर्म-समभाव’ तथा डॉ. ओमप्रकाश वर्मा, सचिव, विवेकानंद विद्यापीठ, रायपुर, ‘शिकागो-धर्मसभा का ऐतिहासिक महत्व’ विषय पर संबोधित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, 11 सितंबर 1893 को स्वामी विवेकानंद ने शिकागो धर्म महासभा में अपने ऐतिहासिक संबोधन के माध्यम से विश्व को हिंदू धर्म और विश्व-भ्रातृत्व का संदेश दिया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति को बनाए रखने और समाज में भाईचारे तथा आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विश्व-भ्रातृत्व दिवस का आयोजन किया जा रहा है।
विवेकानंद विद्यापीठ की ओर से कार्यक्रम में इष्ट-मित्रों सहित आमंत्रित अतिथियों से शामिल होने का आग्रह किया गया है।











