लेंस न्यूज। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत को लेकर भारत की प्रतिक्रिया पर सवाल खड़े होने लगे हैं। अभी तक खामेनेई की मौत पर भारत की तरफ से किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसी तरह का कोई पोस्ट सोशल मीडिया में डाला है और न ही भारत सरकार की तरफ से किसी भी तरह का कोई बयान इस घटना पर दिया गया है।
आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए तीखी टिप्पणी की है।
संजय सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘मोदी जी आज क्या हुआ? आपने तो ईरान के राष्ट्रपति की मौत पर राष्ट्रीय शोक घोषित किया था। ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर शोक का एक ट्वीट करने की आपकी हिम्मत नहीं हो रही, इसलिए कि जिम्मेदार अमेरिका है।’
एक अन्य पोस्ट में AAP सांसद ने लिखा, ‘खामेनेई का जाना एक युग का अंत है। भारत ने अपना एक सच्चा दोस्त खो दिया है। खामेनेई जी को विनम्र श्रद्धांजलि। ईरान भारत का परम्परागत मित्र है, उसने पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा हमारा साथ दिया, कश्मीर के मुद्दे पर भारत के पक्ष में वोट किया, ऊर्जा क्षेत्र में भारत को सुरक्षा प्रदान की और सस्ता तेल उपलब्ध कराया। आज ईरान संकट में है, भारत को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।’
उन्होंने आगे अमेरिका और इजरायल की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ‘वैश्विक तानाशाही को रोकना होगा’ और प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर खुलकर बोलने की मांग की।
यह भी पढ़ें : ईरान पर हमले और खामेनेई की मौत पर दुनिया भर के देशों ने क्या कहा?









