रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने प्रदेशवासियों से अफवाहों से बचने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार और ऑयल कंपनियां पूर्ण समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अनावश्यक खरीदारी और ईंधन के संग्रहण से बचने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा गया है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से संयम, जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय देने का आग्रह करते हुए कहा कि लोग केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें और किसी भी भ्रामक सूचना से दूर रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के सहयोग, सजगता और सकारात्मक सोच से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की ईंधन व्यवस्था लगातार सुचारू बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें: ‘BJP अब बनिया जैन पार्टी नहीं रही’, कार्यसमिति में मंत्री की टिप्पणी चर्चा में







