रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा (BJP) की बुधवार को हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से दिलचस्प खबरें निकलकर आईं हैं। अभी पार्टी की कोर ग्रुप से दिग्गज नेता बृजमोहन अग्रवाल, पुन्नूलाल मोहले, रामविचार नेताम, गौरी शंकर अग्रवाल, विक्रम उसेंडी और रेणुका सिंह को बाहर किए जाने की खबरें चर्चा में थी ही, इसी बीच एक मंत्री की बनिया और जैन समुदाय को लेकर की गई टिप्पणी चर्चा में है।
इस बैठक पर जाने से पहले एक-एक नेता का मोबाइल बैठक स्थल से बाहर रखवा लिया गया था। पार्टी के एक नेता के मुताबिक स्वयं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपना मोबाइल साथ नहीं लेकर गए थे। उनका मोबाइल बैठक स्थल के बाहर उनके एक स्टाफ के पास ही था। ऐसा इसलिए किया गया था ताकि बैठक के भीतर की कोई रिकॉर्डिंग बाहर न जा सके।
अब इस बैठक की खबरें छन-छन कर बाहर आ रही हैं। उस बैठक में मौजूद पार्टी के एक नेता ने द लेंस को बताया कि सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने अपने भाषण में एक ऐसी टिप्पणी कर दी, जो चर्चा का विषय है। गैर सवर्ण तबके से आने वाले इस मंत्री ने अपने भाषण में कहा कि भाजपा अब बनिया जैन पार्टी नहीं रही। इस नेता के मुताबिक, उनकी इस टिप्पणी से बैठक में मौजूद इन तबकों के नेता सन्न रह गए थे। और कुछ नेता बैठक में ही आपसी चर्चाओं में आक्रोश जाहिर करते नजर आए।
बैठक में मौजूद कुछ अन्य नेताओं ने इस मंत्री की जातिगत टिप्पणी की पुष्टि की।
एक दिलचस्प नजारा बैठक के बीच में हुए ब्रेक के दौरान भी लोगों ने देखा। बताते हैं कि एक वरिष्ठ विधायक और एक वर्तमान मंत्री को यह कहकर फटकारते हुए देखे गए कि पार्टी कार्यकर्ताओं से भी पैसे लिए जा रहे हैं।
जब ये विधायक इस मंत्री को फटकार रहे थे तो आसपास कई लोग मौजूद थे और इस बात पर चकित थे कि क्या सरकार के किसी विभाग में काम कराने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को भी पैसे देने पड़ रहे हैं।
इस बैठक में जिस बात को लेकर सकारात्मक टिप्पणियां हो रही हैं, वह राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की परिवारवाद को लेकर दी गई नसीहत थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने परिवार के लोगों को ही पद दिलाने की प्रवृत्ति पर अत्यंत अप्रसन्नता जताई। बताते हैं कि उन्होंने कहा कि किसी एक ही परिवार को कितने पद दिए जाने चाहिए। और ऐसे में हम पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को कब पद देंगे।
उल्लेखनीय है कि कार्यसमिति से पहले हुई कोर ग्रुप की बैठक में दिग्गज नेताओं बृजमोहन अग्रवाल, पुन्नूलाल मोहले, रामविचार नेताम, गौरी शंकर अग्रवाल, विक्रम उसेंडी और रेणुका सिंह को हटाकर जिन नए लोगों को शामिल किए जाने की खबर है, उनके नाम हैं उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल और शिवरतन शर्मा।
यह भी पढ़ें: क्यों चर्चा में है इस वीआईपी जिले में भाजपा की हाइप्रोफाइल गुटबाजी?







