नई दिल्ली। भारत मंडपम में एआई इंपैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर बसपा प्रमुख मायवती ने अशोभनीय व निंदनीय बताया है।
मायावती ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम था, जिसमें देश-विदेश के कई बड़े हस्तियां शामिल थीं और पूरी दुनिया की नजरें भारत पर टिकी हुई थीं। ऐसे में कुछ लोगों ने जिनमें ज्यादातर युवा कांग्रेस से जुड़े बताए जा रहे हैं का अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करना बेहद शर्मनाक है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर यह कोई साधारण आयोजन होता तो बात अलग होती, लेकिन वैश्विक मंच पर ऐसा व्यवहार देश की गरिमा और छवि को धक्का पहुंचाने वाला है। इसलिए सभी को चाहिए कि ऐसी हरकतों से बचें ताकि भारत की प्रतिष्ठा बनी रहे।
बता दें कि शुक्रवार को समिट के दौरान 8-10 युवा कांग्रेस कार्यकर्ता परिसर में घुसे, उन्होंने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए, जैसे ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’। यह विरोध मुख्य रूप से भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील से जुड़ा था।
इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर बाहर कर दिया।
भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला, इसे राष्ट्रीय हितों के खिलाफ और देश-विरोधी करार देते हुए कहा कि जहां दुनिया भारत की एआई पहल की सराहना कर रही है, वहीं कांग्रेस इसे बाधित करने की कोशिश कर रही है। बीजेपी ने देशभर में इसके विरोध में प्रदर्शन भी शुरू कर दिए हैं।
कांग्रेस ने इस प्रदर्शन की वजह भारत अमेरिका ट्रेड डील का विरोध विरोध बताया है, जिसमें देश के किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप है।











