नई दिल्ली। पिछले करीब 15 दिनों से सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी (Heatwave) से राहत मिली है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा में आंधी, बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इन राज्यों के अधिकांश इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और आंध्र प्रदेश समेत 8 राज्यों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम का असर धार्मिक यात्राओं पर भी दिखाई दिया। उत्तराखंड में खराब मौसम के चलते केदारनाथ यात्रा करीब तीन घंटे तक प्रभावित रही।
राजस्थान में उठा रेतीला तूफान
राजस्थान में शनिवार को मौसम ने अलग ही रूप दिखाया। श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और सीकर जिलों में दोपहर बाद तेज रेतीला तूफान आया। करीब 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में धूल का गुबार छा गया, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और जनजीवन पर असर पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना फिलहाल कम है। हालांकि, विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और कुछ क्षेत्रों में गर्मी की वापसी भी हो सकती है।
विदर्भ अब भी तप रहा, चंद्रपुर में पारा 45 के करीब
जहां उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर कम हुआ है, वहीं महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र अब भी भीषण गर्मी की चपेट में है। शनिवार को देश के 36 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
विदर्भ का चंद्रपुर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि विदर्भ और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर बना रह सकता है।










