भीषण गर्मी से झुलस रहा देश, कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट, मानसून को लेकर भी बड़ा अपडेट

Weather Update : देशभर में इस समय भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और तेलंगाना समेत कई राज्यों में हीटवेव और गर्म रातों को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर

उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार सबसे गर्म शहरों में शामिल बना हुआ है। यहां तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में भी भीषण गर्मी दर्ज की गई। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने की संभावना कम है।

इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

IMD ने 22 से 27 मई के बीच कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में गंभीर हीटवेव का खतरा
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में तेज लू की संभावना
राजस्थान में 25 से 27 मई तक गंभीर हीटवेव
मध्य प्रदेश, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भीषण गर्मी का असर
बिहार, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना में भी लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।

गर्म रातें बढ़ा रहीं परेशानी

इस बार दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। देश के 35 से ज्यादा शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। राजस्थान के हनुमानगढ़ में रात का तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

विशेषज्ञों का कहना है कि गर्म रातें शरीर को आराम नहीं करने देतीं, जिससे हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है।

उमस और बारिश का डबल असर

जहां उत्तर भारत में लू चल रही है, वहीं कई राज्यों में उमस भरे मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गर्म और उमसभरा मौसम
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज गर्मी के साथ नमी का असर
चेन्नई में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

हालांकि दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना भी जताई गई है। तमिलनाडु के कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

मानसून को लेकर राहत भरी खबर

मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। अगले तीन से चार दिनों में इसके दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। अगर मानसून की रफ्तार सामान्य रही तो जून के पहले सप्ताह में दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो सकती है।

लद्दाख में बर्फबारी, श्रीनगर-लद्दाख हाईवे बंद

एक तरफ देश के अधिकांश हिस्से गर्मी से परेशान हैं, वहीं लद्दाख के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली। जोजिला दर्रे के आसपास बर्फ गिरने के कारण श्रीनगर-लद्दाख राष्ट्रीय राजमार्ग को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। कश्मीर घाटी में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

बिहार में स्कूल बंद, आकाशीय बिजली से मौतें

भीषण गर्मी को देखते हुए बिहार के पटना और गया में 22 से 26 मई तक पांचवीं कक्षा तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं मधेपुरा और सहरसा में बारिश के दौरान बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।

गर्मी में ऐसे रखें खुद का ध्यान

ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं
धूप में निकलते समय सिर ढकें
खाली पेट बाहर न जाएं
दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now