देश में भीषण गर्मी का कहर जारी, बांदा बना दुनिया का सबसे गर्म शहर, कई राज्यों में रिकॉर्ड टूटे

WEATHER UPDATE : देश के कई हिस्सों में अप्रैल के आखिरी दिनों में भीषण गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उत्तर प्रदेश के बांदा में सोमवार को तापमान 47.6°C पहुंच गया, जो इस अप्रैल में देश का सबसे ऊंचा तापमान है। बांदा अब दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है। राजस्थान के जैसलमेर में 46.6°C, मध्य प्रदेश के खजुराहो में 46°C, अमरावती (महाराष्ट्र) में 46.6°C और वर्धा में 46.5°C तापमान दर्ज किया गया। इस साल अप्रैल में अब तक 45 बार तापमान 45°C से ऊपर पहुंच चुका है, जो पिछले 4 सालों में सबसे ज्यादा है।

राज्यवार मौसम अपडेट

उत्तर प्रदेश: बांदा में 47.6°C तापमान के साथ भीषण लू चल रही है। राज्य के 60 जिलों में लू का अलर्ट जारी है। वाराणसी के अस्पताल में हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए कोल्ड रूम और स्पेशल बेड तैयार किए गए हैं।

राजस्थान: जैसलमेर में 46.6°C तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। कई इलाकों में शाम को आंधी-बारिश और ओले गिरे। मौसम विभाग ने मंगलवार को 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश: खजुराहो में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा, पारा 46°C पहुंच गया। भोपाल और इंदौर में भी 43°C के आसपास तापमान रहा। कुछ इलाकों में हल्की बारिश से थोड़ी राहत मिली।

छत्तीसगढ़: राजनांदगांव सबसे गर्म रहा (44.5°C)। रायपुर और बिलासपुर में भी 44°C के पार तापमान रहा। अगले 2-3 दिनों में तापमान 2-3 डिग्री गिरने और कुछ जगहों पर आंधी-बारिश की संभावना है।

बिहार: 36 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी। 14 जिलों में ऑरेंज और 24 जिलों में येलो अलर्ट है। अररिया में दीवार गिरने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

दिल्ली-एनसीआर और पंजाब-हरियाणा: गर्मी के साथ उमस बढ़ गई है। दिल्ली में बसों में ठंडा पानी और बस स्टॉप पर मुफ्त ORS की व्यवस्था की जा रही है। पंजाब के लुधियाना और जालंधर में बारिश हुई।

केंद्र सरकार का अलर्ट

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इन यूनिट्स में हीट स्ट्रोक के मरीजों को ‘गोल्डन आवर’ में बचाने की तैयारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से कुछ राज्यों में बारिश और आंधी आएगी, लेकिन मई के पहले हफ्ते में फिर गर्मी बढ़ने की आशंका है। कई जगहों पर पारा 48-50°C तक पहुंच सकता है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now