अगले 20 घंटों के अंदर 15 से ज्यादा राज्यों में मिलेगी गर्मी से राहत, तेज आंधी-तूफान का अलर्ट

Weather Update: देश के अधिकांश हिस्सों में चल रही भीषण गर्मी और लू से आखिरकार राहत मिलने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 20 घंटों के अंदर 15 से ज्यादा राज्यों में तेज आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और अन्य कई राज्यों में शुक्रवार से तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को लू से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

बिहार में मौसम विभाग ने 32 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में जयपुर समेत 11 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट है। बुधवार को राजस्थान का श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जैसलमेर, फलोदी, गंगानगर और बीकानेर जैसे इलाकों में भी हीटवेव का सबसे ज्यादा असर देखा गया। महाराष्ट्र के नागपुर में हीटवेव ने कहर बरपाया है। पिछले तीन दिनों में 16 लोगों के शव रेलवे स्टेशन, सड़क और फ्लाईओवर के नीचे मिले हैं। प्रशासन को आशंका है कि extreme गर्मी के कारण इन मौतों में बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लू से निजात मिलेगी। पहाड़ी राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में हल्की-मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से 5 जून तक देश के 80-90 प्रतिशत हिस्से में प्री-मानसून बारिश की गतिविधियां रहेंगी। यह बारिश इसलिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि मानसून अभी केरल नहीं पहुंचा है। केरल में मानसून की एंट्री 26 मई को होने वाली थी, लेकिन नमी कमजोर होने और अरब सागर में चक्रवाती सर्कुलेशन के कमजोर पड़ने से इसमें देरी हो गई है। फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ रहा है।

29 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। कई इलाकों में तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी और ओले गिरने का अलर्ट है। 30 मई को दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में और बेहतर राहत रहने की उम्मीद है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now