वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का व्हाट्स ऐप हैक, 12 हजार लोगों को भेजे गए मैसेज; 7.72 लाख की ठगी, रायपुर साइबर सेल जांच में जुटी

Dr. Salim Raj

रायपुर। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष Dr. Salim Raj का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर साइबर ठगों ने उनके नाम पर लोगों से पैसे मांगकर 7 लाख 72 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और रायपुर साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधियों ने डॉ. सलीम राज का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक करने के बाद उनके मोबाइल में सेव करीब 12 हजार कॉन्टैक्ट्स को संदेश भेजे। मैसेज में दावा किया गया कि उनका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और उन्हें तत्काल ऑनलाइन पैसों की आवश्यकता है। इसके लिए लोगों से 56 हजार रुपये भेजने का आग्रह किया गया।

डॉ. सलीम राज के नाम और नंबर से संदेश आने के कारण कई लोगों ने उसे सही मानकर पैसे ट्रांसफर कर दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 12 लोगों ने 56-56 हजार रुपये भेजे, जबकि बिलासपुर में रहने वाले उनके एक करीबी मित्र ने एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 7 लाख 72 हजार रुपये की ठगी होने की जानकारी सामने आई है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब कुछ लोगों ने सीधे डॉ. सलीम राज से संपर्क कर पैसे भेजने की जानकारी दी। इसके बाद पता चला कि उनका व्हाट्सऐप अकाउंट हैक हो चुका है और साइबर ठग उनके नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद मामला रायपुर साइबर सेल तक पहुंचा। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और साइबर विशेषज्ञ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गए हैं। जिन बैंक खातों और यूपीआई आईडी में रकम ट्रांसफर की गई, उनकी भी जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद डॉ. सलीम राज और उनके सहयोगियों ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से किसी भी प्रकार का पैसों से जुड़ा संदेश मिलने पर पहले फोन या अन्य माध्यम से पुष्टि अवश्य करें। वहीं साइबर पुलिस ने भी नागरिकों को सतर्क रहने और किसी भी आपातकालीन आर्थिक मदद के संदेश की सत्यता जांचने की सलाह दी है।

पुलिस का कहना है कि यह साइबर ठगी का एक सुनियोजित मामला प्रतीत होता है और जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ सरकार के फैसले पर CGDF-JDA ने जताया कड़ा विरोध,कहा-‘सरकार आउटसोर्सिंग बंद करे’

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories