एशियन गेम्स से बाहर हुईं Vinesh Phogat, ट्रायल के सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत से हारीं

Vinesh Phogat

नई दिल्ली। भारत की स्टार पहलवान और ओलंपियन Vinesh Phogat एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। शनिवार को आयोजित चयन ट्रायल में 53 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें हरियाणा की पहलवान मीनाक्षी गोयत से हार का सामना करना पड़ा। लगातार दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल तक पहुंचीं विनेश की चुनौती यहीं समाप्त हो गई।

हार के बाद विनेश फोगाट भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि वह अपनी इस हार को असफलता नहीं मानतीं और जल्द ही वापसी करेंगी। उन्होंने कहा, ‘मैं पूरे सिस्टम के खिलाफ लड़ रही थी। एक तरफ मैं थी और दूसरी तरफ सभी लोग थे। मैं फेल नहीं हुई हूं और फिर से मैट पर लौटूंगी।’

एशियन गेम्स ट्रायल से पहले विनेश फोगाट का मामला लगातार विवादों में बना रहा। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) ने एंटी-डोपिंग नियमों का हवाला देते हुए उन्हें 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया था।

इस फैसले को चुनौती देते हुए विनेश ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने उनके पक्ष में फैसला सुनाते हुए ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दी। इसके बाद WFI ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर ट्रायल रोकने की मांग की, लेकिन शीर्ष अदालत ने विनेश को राहत देते हुए चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति बरकरार रखी।

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा था कि विनेश फोगाट एक शानदार पहलवान हैं और उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है।

53 किलो वर्ग में खेलने को लेकर भी हुआ विवाद

ट्रायल से पहले विनेश को केवल 50 किलोग्राम वर्ग में खेलने के लिए कहा गया था, जिसका उन्होंने विरोध किया। बाद में WFI अध्यक्ष संजय सिंह के हस्तक्षेप के बाद उन्हें 53 किलोग्राम वर्ग में भी ट्रायल देने की अनुमति मिली।

विनेश ने यह भी आरोप लगाया कि वजन मापने की प्रक्रिया के दौरान उन्हें करीब एक घंटे तक इंतजार कराया गया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें किसी पर भरोसा नहीं है।

सेमीफाइनल से पहले विनेश का मुकाबला नीशू के साथ हुआ था। मैच की शुरुआत में नीशू ने उन्हें पटखनी देकर पांच अंक हासिल किए, लेकिन बाद में विनेश ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 7-6 से अपने नाम कर लिया।

इस दौरान रेफरी के फैसले को लेकर विनेश और उनके पति सोमबीर राठी की अधिकारियों से बहस भी हुई। विवाद बढ़ने पर मुकाबला कुछ देर के लिए रोकना पड़ा और WFI अध्यक्ष संजय सिंह को भी मैट पर आना पड़ा। मैच समाप्त होने के बाद नीशू ने विनेश से हाथ भी नहीं मिलाया।

हार के बावजूद वापसी का भरोसा

मीनाक्षी गोयत से हारने के बाद मैट छोड़ते समय विनेश ने कहा, ‘मैं इस मैट पर वापस आऊंगी।’

हालांकि मुकाबले के बाद वे काफी भावुक और निराश नजर आईं। लगातार विवादों, कानूनी लड़ाई और ट्रायल के दबाव के बीच एशियन गेम्स का सपना टूटने के बावजूद विनेश ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ है और वे भविष्य में फिर से खुद को साबित करने के लिए मैट पर वापसी करेंगी।

यह भी पढ़ें: विनेश फोगाट का बड़ा आरोप – ‘मैं भी यौन उत्पीड़न की पीड़िता हूं’

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories