विनेश फोगाट का बड़ा आरोप – ‘मैं भी यौन उत्पीड़न की पीड़िता हूं’

Vinesh Phogat

लेंस डेस्क। भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) ने एक बार फिर कुश्ती जगत और खेल प्रशासन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि वह भी यौन उत्पीड़न की पीड़िता रही हैं और उनके साथ न्याय की लड़ाई अभी भी जारी है।

विनेश फोगाट ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि वह लंबे समय बाद मैट पर वापसी कर रही हैं और फिर से देश के लिए पदक जीतने का लक्ष्य रखती हैं। उन्होंने बताया कि वह नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए तैयारी कर रही हैं, जो गोंडा में आयोजित होने वाला है।

विनेश ने टूर्नामेंट की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता उस क्षेत्र में हो रही है जो पूर्व रेसलिंग फेडरेशन प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह से जुड़ा है, जिससे निष्पक्ष चयन और निर्णय प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं।

विनेश ने आरोप लगाया कि रेफरी, अंक निर्धारण और मैच प्रबंधन में बाहरी प्रभाव की संभावना से खिलाड़ियों के साथ अन्याय हो सकता है।

विनेश फोगाट का यह बयान एक बार फिर भारतीय कुश्ती और खेल प्रशासन पर गंभीर बहस को जन्म दे रहा है। जहां एक ओर वह मैट पर वापसी की तैयारी कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर उनके आरोपों ने खेल व्यवस्था की पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

तीन साल पुराना मामला फिर चर्चा में

विनेश फोगाट ने अपने बयान में यह भी कहा कि उन्होंने करीब तीन साल पहले यौन उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई थी और यह मामला अभी भी अदालत में लंबित है।

उन्होंने कहा कि छह महिला खिलाड़ियों ने कोर्ट में गवाही दी है और वह खुद भी उन पीड़िताओं में शामिल हैं जिन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी।

विनेश ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उनके लिए उसी वातावरण में जाकर खेलना बेहद कठिन है, जहां उन्हें निष्पक्ष माहौल मिलने को लेकर संदेह है। उन्होंने दावा किया कि इससे उनके प्रदर्शन और मानसिक स्थिति पर असर पड़ सकता है।

अपने बयान में उन्होंने सरकार और खेल मंत्रालय पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now