US-Israel-Iran War Updates: ट्रंप ने जीत का दावा किया,ईरान के हमले जारी,भारत में आज सर्वदलीय बैठक

March 25, 2026 10:46 AM

US-Israel-Iran War Updates: अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष का आज 26वां दिन है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को दावा किया कि ईरान के खिलाफ युद्ध जीत लिया गया है और तेहरान परमाणु हथियार न बनाने पर सहमत हो गया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करने के लिए उत्सुक है और वार्ता चल रही है। हालांकि ट्रंप के दावे के बावजूद दोनों पक्षों में हमले जारी हैं।

ईरान की आईआरजीसी ने इजराइल पर मिसाइल हमला किया जबकि हिजबुल्लाह ने भी इजराइल के कब्जे वाले इलाकों को निशाना बनाया। मंगलवार रात ईरान ने कुवैत के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला किया जिसमें फ्यूल टैंक में आग लग गई। कुवैत की सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई ड्रोन मार गिराए।

भारत में आज सर्वदलीय बैठक

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम 5 बजे संसद भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। विपक्ष के फ्लोर लीडर्स को भी आमंत्रित किया गया है। सरकार पूरे मामले पर सभी दलों को जानकारी देगी और भारत पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव पर चर्चा होगी।

अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट में ईरान युद्ध रोकने का डेमोक्रेट्स का प्रस्ताव 47-53 से गिर गया।फिलीपींस ने मध्य पूर्व युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने पर एनर्जी इमरजेंसी घोषित कर दी है। युद्ध में अब तक ईरान में करीब 1500 लोगों की मौत और 18,500 से ज्यादा घायल होने की खबर है। विशेषज्ञों का कहना है कि तनाव बढ़ने पर होर्मुज स्ट्रेट प्रभावित हो सकता है, जिससे वैश्विक तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now