Twisha Sharma case: अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में CBI की जांच तेज हो गई है। भोपाल की अदालत ने आज शुक्रवार 29 मई को ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को 5-5 दिन की CBI हिरासत में भेज दिया। अब एजेंसी दोनों आरोपियों से आमने-सामने बैठकर पूछताछ करेगी और आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन भी तैयार कर रही है।
CBI ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को CBI की हिरासत में भेजने के साथ ही एजेंसी को 5 दिन का समय दिया है। समर्थ सिंह पहले से ही CBI की हिरासत में था, जबकि गिरिबाला सिंह को हाल ही में गिरफ्तार किया गया। CBI अब टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। इस तकनीक में CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन, वाई-फाई लॉग, कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल सबूतों को एक साथ जोड़कर घटना की मिनट-दर-मिनट तस्वीर तैयार की जा रही है।
ट्विशा के आखिरी घंटों का डिजिटल रीक्रिएशन
CBI ट्विशा के 12 मई की रात के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन बनाने में जुटी है। एजेंसी यह समझने की कोशिश कर रही है कि उस रात घर के अंदर क्या-क्या हुआ था। ट्विशा ने अपनी मौत से पहले परिवार को फोन करके कहा था- ‘फंस गई हूं’। इसके कुछ ही देर बाद फोन कट गया और बैकग्राउंड में समर्थ की आवाज सुनी गई थी। CBI इस कॉल और उसके बाद की घटनाओं की भी गहन जांच कर रही है।
CBI जांच में सामने आया है कि समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह ट्विशा पर 20 लाख रुपये के शेयर अपने नाम ट्रांसफर करने का दबाव बना रहे थे। शादी के बाद विदाई समारोह में भी 2 लाख रुपये की मांग की गई थी। ट्विशा पर गर्भावस्था को लेकर भी मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में फांसी के अलावा शरीर पर कई चोटों के निशान भी मिले थे।
सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका
CBI को स्पॉट वेरिफिकेशन के दौरान कुछ ऐसे संकेत मिले हैं जिनसे लगता है कि घटनास्थल पर सबूतों के साथ छेड़छाड़ की गई हो सकती है। यही वजह है कि एजेंसी अब परिवार के अन्य सदस्यों, घरेलू नौकरों और घटना के बाद संपर्क में आए लोगों से भी पूछताछ करने वाली है।
इधर कोर्ट में दोनों आरोपियों के चेहरे पर कोई खास तनाव नजर नहीं आया। वे एक-दूसरे से बात भी करते दिखे। CBI ने कोर्ट से कहा कि दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करना बहुत जरूरी है ताकि उनके बयानों की सच्चाई सामने आ सके। ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल स्थित अपने ससुराल में फांसी पर लटकी हुई अवस्था में मिली थीं। शुरुआती जांच पर परिवार के सवालों के बाद मामला CBI को सौंप दिया गया था।








