विश्रामपुर में धरना खत्म, बैज-सिंहदेव ने तोड़ा अनशन, कांग्रेस ने जताया आभार, कहा – यह लोकतंत्र की जीत है

Congress

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में कांग्रेस (Congress) के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले को लेकर चल रहा कांग्रेस का आंदोलन आखिरकार प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे ‘सत्य और लोकतंत्र की जीत’ बताते हुए अनिश्चितकालीन धरना खत्म कर दिया।

नगर पंचायत चुनाव से ठीक पहले नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। कांग्रेस लगातार इसे राजनीतिक दबाव में की गई ‘फर्जी कार्रवाई’ बताती रही। मामले के विरोध में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ नेता विश्रामपुर थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे।

धरने के दौरान दीपक बैज और टीएस सिंहदेव ने आमरण अनशन भी शुरू कर दिया था। करीब दो दिन तक चले इस आंदोलन के बाद आखिरकार प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस की मांगों पर सकारात्मक पहल और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद कांग्रेस ने धरना समाप्त करने का फैसला लिया। नेताओं ने नारियल पानी पीकर अपना अनशन तोड़ा।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम को ज्ञापन भी सौंपा गया।

डीजीपी से मिलकर प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत चुनाव से पहले राजनीतिक दुर्भावना के तहत नरेंद्र जैन के खिलाफ बिना निष्पक्ष जांच के आर्म्स एक्ट के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गई। कांग्रेस ने इसे सत्ता के दुरुपयोग और लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का उदाहरण बताया।

कांग्रेस ने मांग की कि नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज कथित फर्जी एफआईआर की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, आर्म्स एक्ट की लगाई गई अनुचित धाराएं हटाई जाएं तथा गलत तरीके से कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाए। साथ ही चुनावी माहौल को प्रभावित करने के उद्देश्य से की जा रही राजनीतिक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।

कांग्रेस ने जताया आभार

आंदोलन समाप्त होने के बाद कांग्रेस की ओर से जारी आभार पत्र में कहा गया कि पार्टी की सभी प्रमुख मांगें पूरी हो गई हैं। कांग्रेस ने इसे भाजपा सरकार की ‘दमनकारी राजनीति’ पर कार्यकर्ताओं के संघर्ष, एकजुटता और जनदबाव की जीत बताया। पार्टी ने कहा कि यह केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि लोकतंत्र, सत्य और जनसंघर्ष की जीत है।

एक गाड़ी में नजर आए टीएस और भूपेश

विश्रामपुर में कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर भी देखने को मिली। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंच पर एक साथ नजर आए। इतना ही नहीं, आंदोलन स्थल से नगर पंचायत शिवनंदपुर की चुनावी आमसभा तक दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर पहुंचे।

कार की स्टेयरिंग खुद टी.एस. सिंहदेव संभालते नजर आए, जबकि बगल की सीट पर भूपेश बघेल बैठे थे। दोनों नेताओं की यह तस्वीर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई।

इस दौरान टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि वे और भूपेश बघेल हमेशा साथ हैं। उन्होंने कहा कि समय और परिस्थितियां अलग-अलग जिम्मेदारियों के कारण सभी को अलग-अलग कामों में व्यस्त रखती हैं, लेकिन इसका मतलब दूरी नहीं होता। सिंहदेव ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच लगातार बातचीत होती रहती है, हालांकि हर बात सार्वजनिक या मीडिया में दिखाई नहीं देती।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now